अजमेर। पुष्कर घाटी स्थित प्राचीन श्री नौसर माता मंदिर परिसर में 24 अप्रेल से होने वाले श्री राजराजेश्वरी महालक्ष्मी यज्ञ को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। इस धार्मिक आयोजन की शुरुआत 23 अप्रैल को गंगा सप्तमी के पावन अवसर पर भव्य कलश यात्रा के साथ होगी।
मंदिर पीठाधीश्वर रामाकृष्ण देव ने बताया कि कलश यात्रा पुष्कर रोड स्थित बाबा रामदेव मंदिर से शाम 4 बजे विधिवत रूप से प्रारंभ होगी। यात्रा में महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भजन-कीर्तन और गाजे-बाजे के साथ नौसर माता मंदिर तक पहुंचेंगी। पूरे मार्ग में भक्ति का माहौल देखने को मिलेगा, जहां श्रद्धालु जयकारों के साथ वातावरण को भक्तिमय बनाएंगे।
इस आयोजन में महिलाओं और पुरुषों दोनों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। मातृशक्ति को लाल या पीले रंग की साड़ी पहनकर शामिल होने का आग्रह किया गया है, वहीं पुरुष किसी भी रंग का पारंपरिक कुर्ता पहनकर कलश यात्रा में भाग ले सकते हैं। कलश की व्यवस्था यज्ञ समिति द्वारा की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
कलश यात्रा के अगले दिन 24 अप्रेल से विधिवत रूप से यज्ञ की शुरुआत की जाएगी। यह यज्ञ 26 अप्रैल तक आयोजित होगा। आमजन प्रतिदिन सुबह 7 बजे से लेकर शाम 9 बजे तक यज्ञ स्थल की परिक्रमा कर सकेंगे साथ ही इस दौरान होने वाले धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजनों में भाग ले सकेंगे। पूर्णाहुति के दिन विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मंदिर समिति एवं यज्ञ समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से इस आयोजन में भाग लेने का आह्वान किया है।
यह भी पढें:-
श्री राजराजेश्वरी महालक्ष्मी यज्ञ : 21 कुंडों पर दी जाएंगी 5 लाख आहुतियां





