अजमेर। शिक्षाविद् हनुमान सिंह राठौड़ ने सोमवार को माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान के 41वें अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 को प्रभावी ढंग से लागू करना बोर्ड की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल होगा और इसके लिए शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा शिक्षा जगत के सभी हितधारकों को साथ लेकर आगे बढ़ना आवश्यक है।
बोर्ड अध्यक्ष राठौड़ ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति केवल पाठ्यक्रम परिवर्तन तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा की संपूर्ण कार्य प्रणाली में गुणात्मक सुधार का माध्यम है। इसके सफल क्रियान्वयन के लिए पाठ्य पुस्तकों की समीक्षा, शिक्षकों का प्रशिक्षण तथा प्रश्न पत्र निर्माण में बदलाव आवश्यकतानुसार किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा के अनुरूप तैयार करना समय की आवश्यकता है और बोर्ड इसी दिशा में कार्य करेगा। मीडिया से बातचीत में राठौड़ ने कहा कि बोर्ड की कार्य प्रणाली पहले से ही सुदृृढ़ है और उनका उद्देश्य किसी बड़े बदलाव की बजाए इसे और अधिक प्रभावी तथा परिणामोन्मुख बनाना है, उन्होंने बोर्ड के कर्मचारियों और अधिकारियों की कार्य क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि टीम भावना के साथ कार्य करने से किसी भी चुनौती का समाधान संभव है।
यहां यह भी उल्लेखनीय है कि माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान के इतिहास में पहली बार विद्यालयी शिक्षा से सीधे जुड़े किसी शिक्षाविद् को अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। राठौड़ लम्बे समय से विद्यालयी शिक्षा से जुड़े रहे है।। उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देते हुए 25 से अधिक पुस्तको। का लेखन कार्य भी किया है। उनकी नियुक्ति पर शिक्षा, सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्रों में व्यापक स्वागत किया जा रहा है। राठौड़ का अनुभव और शैक्षिक दृष्टि बोर्ड को नई दिशा प्रदान करेगी। इस अवसर पर बोर्ड सचिव नीतू यादव द्वारा अध्यक्ष राठौड़ का स्वागत किया गया।
बोर्ड परिसर में कर्मचारियों एवं अधिकारियो ने उनका पारम्परिक स्वागत किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के महानगर संघ चालक खाजूलाल चौहान, बोर्ड सचिव नीतू यादव, मुख्य परीक्षा नियंत्रक राजेश निर्वाण, वित्तीय सलाहकार केपी सिंह, निदेशक (प्रशासन) राजेन्द्र प्रसाद पारीक, सहायक निदेशक/जनसम्पर्क अधिकारी राजीव चतुर्वेदी तथा शहर के गणमान्य व्यक्तियों में शाहपुरा विधायक लालाराम बैरवा, एबीआरएसएम के नारायण लाल गुप्ता, पृृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय अजमेर के प्राचार्य प्रो. मनोज बहरवाल, महाराणा प्रताप गौरव केंद्र उदयपुर के प्रभारी अनुराग मंत्रालयिक कर्मचारी संघ की ओर से अध्यक्ष मोहन सिंह रावत महामंत्री, करण सिंह यादव सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



