हनुमानगढ़ : एडवोकेट ने टाइपिंग मशीन छीनी तो दिव्यांग टाइपिस्ट ने जहर खाकर की सुसाइड

0

हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के रावतसर में एक एडवोकेट द्वारा टाइपिंग मशीन छीन लेने से व्यथित होकर दिव्यांग टाइपिस्ट ने सल्फास की गोलियों का सेवन करके आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि एडवोकेट टिंकूराम सुडा उर्फ अर्जुनराम सुडा के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।

प्रेमकुमार सांगवाल ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि उसका भाई ओमप्रकाश का एडवोकेट अर्जुनराम से किसी बात पर विवाद हो गया। इस पर अर्जुनराम ने ओमप्रकाश की टाइपिंग मशीन उठवा दी। वह उसके भाई को परेशान कर रहा था और टाइपिंग मशीन मांगने पर भी उसे वापस नहीं कर रहा था।

प्रेमकुमार ने बताया कि बार बार मांगने पर भी उसने जब मशीन वापस नहीं की तो ओम प्रकाश ने व्यथित होकर सेल्फास की गोलियों का सेवन कर लिया और अपनी पत्नी को सूचित कर दिया। उसने बताया कि ओमप्रकाश को हनुमानगढ़ टाउन के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां बुधवार दोपहर को उसकी मौत हो गई।

वन विभाग कर्मियों को पिकअप से कुचलने की कोशिश का मामला दर्ज

हनुमानगढ़ जिले के पल्लू थाना क्षेत्र में बुधवार को वन विभाग के कर्मचारियों को जंगल से अवैध लकड़ियां ले जा रहे चार युवकों ने वाहन से कुचलने का प्रयास किया जिससे एक वनकर्मी घायल हाे गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वनपाल योगेश मेघवाल (26) ने देर रात प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि वह अन्य स्टाफ सदस्यों के साथ ड्यूटी पर थे, तभी पल्लू क्षेत्र के चाहत होटल के पास एक पिकअप वाहन पर सवार कुछ युवक अवैध रूप से लड़कियों को लेकर जा रहे थे। वन कर्मियों ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने आक्रामक रुख अपनाते हुए पिकअप वाहन से उन्हें कुचलने का प्रयास किया।

उसने बताया कि इससे वनपाल रूपाराम वाहन की टक्कर लगने से घायल हो गया। आरोपियों ने रूपाराम की वर्दी फाड़ दी और उनके द्वारा रोके गए पिकअप वाहन को भी छुड़ा लिया। इसके बाद आरोपियों ने वन कर्मियों को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में भीम स्वामी, लिच्छीराम, बजरंग स्वामी और हनुमान दास के खिलाफ मामला दर्ज करके उनकी तलाश शुरु कर दी है।