चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अमृतसर में आयोजित पंजाब बचाओ रैली को संबोधित करते हुए कहा है कि पंजाब केवल एक राज्य नहीं बल्कि देश की आत्मा है। उन्होंने कहा कि श्री हरमंदिर साहिब से सरबत दा भला का संदेश पूरी दुनिया में गया और जलियांवाला बाग आज भी बलिदानों की गवाही देता है।
पंजाब ने भगत सिंह, उधम सिंह और सुखदेव थापर जैसे महान सपूत दिये हैं, उन्होंने कहा कि आज पंजाब को नशा, भ्रष्टाचार और अपराध जैसी चुनौतियों
से उबारने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वादों के बावजूद युवाओं को रोजगार और किसानों को स्थायी राहत नहीं मिल सकी।
उन्होंने पंजाब सरकार से रोजगार और नशा तस्करी पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की सैनी ने हरियाणा की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) किसानों को 15,500 करोड़ रुपए मुआवजा आयुष्मान योजना के तहत पांच लाख रुपए तक मुफ्त इलाज और 3200 रुपए मासिक वृद्धावस्था पेंशन दी जा रही है।
उन्होंने 2027 के चुनाव में भाजपा को मौका देने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प में पंजाब की अहम भूमिका होगी।



