प्रवर्तन निदेशालय में राहत दिलाने के नाम पर 13 लाख रुपए की रिश्वत लेते सीकर में आरोपी अरेस्ट

0

जयपुर/सीकर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शनिवार को सीकर में उत्तर प्रदेश के रहने वाले उत्तम पाण्डेय को प्रवर्तन निदेशालय में राहत दिलाने के नाम पर 13 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि आरोपी उत्तम पाण्डेय उत्तर प्रदेश में अयोध्या जनपद में बदनापुर का निवासी है, जिसके खिलाफ परिवादी ने गत 30 दिसंबर को एसीबी जयपुर में प्रस्तुत लिखित शिकायत में बताया कि वर्ष 2022 में एक निजी कंपनी में निवेश के संबंध में उसके साथ धोखाधड़ी हुई थी।

इस संबंध में आरोपी द्वारा परिवादी से संपर्क कर स्वयं को प्रवर्तन निदेशालय चंडीगढ़ के सहायक निदेशक कार्यालय से संबद्ध बताते हुए इस प्रकरण में नाम हटवाने एवं राहत दिलाने के बदले 20 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की गई। बाद में 13 लाख रुपए लेने पर सहमति व्यक्त की गई।

ब्यूरो टीम द्वारा शिकायत का सत्यापन करने के बाद शनिवार को ट्रैप के दौरान आरोपी को सीकर में होटल अशोका, कल्याण सर्किल के पास रिश्वत प्राप्त करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 13 लाख रुपए की रिश्वत राशि (दो लाख रुपए नगद एवं 11 लाख रुपए अन्य माध्यम से) बरामद की गई। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ एवं कार्रवाई जारी है।