गंगापुर सिटी में किसानों के प्रदर्शन के बाद रेल मार्ग पर भारी पुलिस दल तैनात

0

सवाईमाधोपुर। राजस्थान में सवाईमाधोपुर जिले के गंगापुर सिटी के खंडीप रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार को सरकार और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए किसानों द्वारा दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग अवरुद्ध करने के बाद बुधवार को रेल ट्रैक की सुरक्षा के लिए भारी पुलिस जाप्ता तैनात किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पांचना बांध (करौली) से सिंचित क्षेत्र की नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग को लेकर पांच जून से आंदोलनरत किसान महस्वा, रैला सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में एकत्रित होकर खंडीप स्थित धरनास्थल पहुंचे थे।

इसमें महिलाएं भी शामिल थीं। यहां से किसानों ने रैली निकाली। किसानों का कहना है कि खरीफ फसलों की बुवाई का समय नजदीक है, ऐसे में नहरों में पानी नहीं पहुंचने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।