अजमेर में होमगार्ड नामांकन प्रक्रिया 16 मार्च से

0

अजमेर। होमगार्ड के लिए नामांकन की प्रक्रिया आगामी 16 मार्च से 20 मार्च के मध्य कारागार प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित की जाएगी।

होमगार्ड ट्रेनिंग सेन्टर के कमाण्डेन्ट ललित बिहारी व्यास ने बताया कि गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्र अजमेर के अभ्यर्थियों की नामांकन प्रक्रिया 16 से 20 मार्च तक कारागार प्रशिक्षण संस्थान अजमेर के ग्राउण्ड पर आयोजित की जाएगी।

नामांकन प्रक्रिया निदेशालय, गृह रक्षा राजस्थान, जयपुर द्वारा गठित चयन समिति के सदस्यों द्वारा सम्पन्न की जाएगी। इसमें समादेष्टा, गृह रक्षा महानिदेशक के प्रतिनिधि एवं जिला पुलिस अधीक्षक के प्रतिनिधि सदस्य के रूप में उपस्थित रहेंगे। नामांकन प्रक्रिया में इस केन्द्र के 165 पदों के विरुद्ध 10539 अभ्यर्थी भाग लेंगे।

उन्होंने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के लिए प्रत्येक अभ्यर्थी को मोबाईल पर एसएमएस एवं ई-मेल द्वारा सूचना प्रेषित की जाएगी। अभ्यर्थी दिए गए लिंक अथवा विभागीय वेबसाईट http://home.rajasthan.gov.in/homeguards  पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।

गृह रक्षा स्वयंसेवकों की नामांकन प्रक्रिया के लिए अलग-अलग जिलों से अभ्यर्थी को अलग-अलग समय पर उपस्थिति देने हेतु बुलाया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों से सम्बन्धित प्रवेश पत्र में वर्णित महत्त्वपूर्ण निर्देशों की पूर्ण पालना की जानी आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी को निर्धारित समय, दिनांक एवं स्थान पर आवश्यक मूल दस्तावेजों जिले का मूल निवास, आयु प्रमाण-पत्र, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण-पत्र, विशेष योग्यता प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, चिकित्सा प्रमाण-पत्र, विवाह प्रमाण-पत्र एवं पुलिस सत्यापन प्रमाण-पत्र एवं प्रवेश पत्र के साथ संलग्न महत्त्वपूर्ण अन्य सभी दिशा-निर्देशों की पालना आवश्यक होगी।

इन दस्तावेजों सहित उपस्थित होना होगा। नामांकन स्थल पर प्रवेश करने के पश्चात किसी भी अभ्यर्थी को ग्राउण्ड से बाहर जाकर कोई भी दस्तावेज लाए जाने की अनुमति नहीं होगी। इससे सम्बन्धित अन्य जानकारी के लिए कार्यालय के दूरभाष नम्बर 0145-2627616 पर सम्पर्क किया जा सकता है।