नई दिल्ली। रेलवे ने हरियाणा और राजस्थान के में चलने वाली चार ट्रेनों के अतिरिक्त ठहराव को मंजूरी प्रदान की है। रेलवे ने सोमवार को बताया कि स्थानीय यात्रियों, विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और रेल का इस्तेमाल करने वाले अन्य लोगों की मांग को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 54085/54086 दिल्ली-सत्रोड यात्री ट्रेन अब हरियाणा में पटुवास मेहराना स्टेशन पर भी रुकेगी। वहीं ट्रेन संख्या 14619/14620 अगरतला-फिरोजपुर एक्सप्रेस अब हरियाणा में हांसी स्टेशन पर ठहरेगी। इसी तरह से ट्रेन संख्या 14717/14718 बीकानेर-हरिद्वार एक्सप्रेस अब हरियाणा में हांसी स्टेशन पर रुकेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 12981/12982 जयपुर-असारवा एक्सप्रेस अब राजस्थान में बिजयनगर स्टेशन पर रुकेगी।
रेलवे ने कहा है कि यह फैसला परिचालन पहलुओं और यात्रियों की मांग की विस्तृत जांच-पड़ताल के बाद लिया गया है और प्रस्तावित ठहराव परिचालन के लिहाज से सही पाए गए हैं।
रेलवे के अनुसार रेवाड़ी-भिवानी रेल खंड पर स्थित पटुवास मेहराना स्टेशन पर अभी मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों की तीन जोड़ी और यात्री ट्रेनों की दो जोड़ी ट्रेनें रुकती हैं। रेलवे ने कहा कि ट्रेन संख्या 54085/54086 दिल्ली-सत्रोड यात्री ट्रेन के नये ठहराव की मंजूरी मिलने से आसपास के इलाके के लोगों के लिए रेल सम्पर्क और मजबूत होगा और उन्हें रोज़ाना रेल यात्रा की बेहतर सुविधा मिलेगी।
इस ट्रेन के लिए पहले सबसे करीबी ठहराव झारिली और चरखी दादरी थे, जो क्रमशः लगभग छह किमी और सात किमी दूर थे।
रेलवे के अनुसार भिवानी-हिसार रेल खंड पर स्थित एक महत्वपूर्ण स्टेशन हांसी में पहले से ही आठ जोड़ी मेल/एक्सप्रेस ट्रेनें, सात जोड़ी यात्री ट्रेनें और दो जोड़ी विशेष ट्रेन सेवाएं उपलब्ध हैं, जो इसे इस इलाके का एक अहम यात्रा केंद्र बनाती हैं।
रेलवे ने बताया कि ट्रेन संख्या 14619/14620 अगरतला-फिरोजपुर एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 14717/14718 बीकानेर-हरिद्वार एक्सप्रेस के ठहराव को मंज़ूरी मिलने से हांसी और आस-पास के इलाकों के यात्रियों को लंबी दूरी की अतिरिक्त रेल सेवाओं का सीधा लाभ मिलेगा। पहले ये ट्रेनें भिवानी सिटी और हिसार में रुकती थीं, जो क्रमशः लगभग 37 किमी और 25 किमी दूर स्थित हैं।
नए ठहराव से यात्रा में आसानी होगी। देश के उत्तरी, पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों से सम्पर्क बेहतर होगी और यात्रियों को अपने नज़दीकी स्टेशन से यात्रा के और विकल्प मिलेंगे।
रेलवे के अनुसार राजस्थान के बिजयनगर स्टेशन पर अभी 19 जोड़ी मेल/एक्सप्रेस ट्रेनें और आठ जोड़ी विशेष ट्रेन सेवाएं उपलब्ध हैं, जो अजमेर-चंदेरिया सेक्शन पर इसके महत्व को दर्शाती हैं। बिजयनगर से आने-जाने वाले यात्रियों को अब 12981/12982 जयपुर-असारवा एक्सप्रेस के मंज़ूर हुए ठहराव का लाभ मिलेगा।
पहले यह ट्रेन नसीराबाद और भीलवाड़ा में रुकती थी, जो क्रमशः लगभग 42 किमी और 67 किमी दूर स्थित हैं। नए ठहराव से इस महत्वपूर्ण अंतर-राज्यीय सेवा तक सीधी पहुंच मिलेगी, राजस्थान और गुजरात के बीच सम्पर्क बेहतर होगी और इस इलाके के यात्रियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों व्यापार के लिए यात्रा करने वालों को ज़्यादा सुविधा मिलेगी।



