अलवर में अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का भंडाफोड़

0

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के एनईबी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करके सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि यह गिरोह लंबे समय विभिन्न जिलों में अलग-अलग स्थानों से मोटर साइकिल चोरी करके उन्हें बेचने का काम कर रहा था। पुलिस ने बताया कि शनिवार को मुकेश अस्पताल परिसर से एक मोटर साइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने मुखबिर की मदद से आरोपियों की पहचान करके राजेंद्र सिंह (22), एवं धन्ना सिंह गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से सात मोटरसाइकिलें बरामद की गयी हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से ही विभिन्न थानों में चोरी सहित अन्य धाराओं में कई मामले दर्ज हैं।

आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगवाते दो भाई अरेस्ट

अलवर के अखेपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों से तीन मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक एलईडी सहित अन्य उपकरण और वाईफाई बॉक्स बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने रविवार को बताया कि मुखबिर की सूचना पर छापेमारी करके आरोपियों को पकड़ा गया। ये अपने घर पर ही कारोबार कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि आरोपी आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे। चार अप्रैल को दिल्ली बनाम मुंबई मैच में करीब 69 हजार 40 रुपए का सट्टा लगाने की पुष्टि हुई है। आरोपी छह ओवर, 10 ओवर, 15 ओवर और 20 ओवर के अलग-अलग चरणों में ऑनलाइन दांव लगवा रहे थे। पुलिस ने मौके से सक्षम कालरा (27) और अंश कालरा (23) को गिरफ्तार किया है।

चोर ने विद्यालय से पार किए दो लाख रुपए

अलवर जिले के राजगढ़ कस्बे के कारोठ मार्ग स्थित एक निजी विद्यालय में शनिवार रात चोरों ने ताला तोड़कर अलमारी से करीब दो लाख रुपए की नगदी चुरा ली। विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिनेश सैन ने रविवार को बताया कि वह आज सुबह करीब साढ़े छह बजे पानी की मोटर चलाने के लिए विद्यालय भवन में आए तो विद्यालय के पीछे का और कार्यालय का दरवाजा खुला हुआ था।

कार्यालय में सारा सामान बिखरा हुआ था इसके साथ ही अलमारी का ताला टूटा हुआ था और अलमारी में रखी करीब दो लाख रुपए की नगदी गायब मिली थी, जो विद्यालय के स्टाफ के वेतन भुगतान के लिए थी। घटना को अंजाम देने से पहले अज्ञात चोर ने विद्यालय के सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए थे। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।