धार्मिक सांप-सीढ़ी खेल के माध्यम से जैन सिद्धांतों को किया गया प्रस्तुत
अजमेर। श्री दिगंबर जैन महासमिति महिला एवं युवा महिला संभाग अजमेर की पंचशील नगर इकाई द्वारा पर्युषण पर्व के मंगल अवसर पर श्री सिद्धकूट चैत्यालय टेंपल ट्रस्ट (सोनी जी नसियां) में धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इकाई अध्यक्ष प्रीति गदिया एवं मंत्री श्वेता छाबड़ा के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से श्रद्धालुओं को पुण्य-पाप के अंतर को समझाते हुए पाप से बचकर मोक्ष महल की ओर बढ़ने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में निधि अजमेरा, शीतल पाटनी, मोनिका गंगवाल, भावना बाकलीवाल एवं कश्मीरा कासलीवाल सहित अन्य सदस्याओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम को रोचक एवं ज्ञानवर्धक बनाने के लिए धार्मिक सांप-सीढ़ी खेल का आयोजन किया गया।
इसमें चार टीमों का गठन किया गया, जिनके नाम नवकार टीम, स्वाध्याय टीम, जिनवाणी टीम एवं सिद्ध शिला टीम रखे गए। प्रत्येक टीम में आठ सदस्य शामिल थे। प्रत्येक टीम से एक-एक प्रतिभागी को बुलाकर उनसे जैन धर्म से संबंधित धार्मिक प्रश्न पूछे गए। सही उत्तर देने वाले प्रतिभागी को डाइस चलाने का अवसर दिया गया और अंक के अनुसार खेल में आगे बढ़ने का मौका मिला।
खेल के दौरान 6 नंबर पर सम्यक चारित्र आने पर प्रतिभागी को सीढ़ी के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर मिला, वहीं 35 नंबर पर हिंसा आने पर सांप के माध्यम से नीचे आना पड़ा। इस प्रकार सांप-सीढ़ी के माध्यम से जैन धर्म के सिद्धांतों एवं जीवन में पुण्य-पाप के प्रभाव को मनोरंजक ढंग से समझाया गया।
प्रतियोगिता में स्वाध्याय टीम 67 अंक के साथ सबसे आगे रही। टीम के प्रतिभागी ललिता बड़जात्या, रुचि गोधा, प्रियंका गोधा, रीना गदिया, बेला गदिया, अमित गोधा, अंजना बड़जात्या एवं दीपा जैन प्रथम स्थान पर रहे।
युवा महिला संभाग अध्यक्ष सोनिका भैंसा ने बताया कि सभी प्रतिभागियों को श्री सिद्धकूट चैत्यालय टेंपल ट्रस्ट के ट्रस्टी एवं समाज श्रेष्ठी प्रमोद जी सोनी एवं प्रतिभा जी सोनी की ओर से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर समिति की राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष मधु पाटनी, मुनि संघ सेवा समिति अध्यक्ष सुशील बाकलीवाल, ललित पांड्या, लोकेश ढीलवारी सहित महासमिति की विभिन्न इकाइयों की सदस्याएं एवं जैन समाज के धर्मावलंबी उपस्थित रहे।



