जेजेएम घोटाले मामले में संजय बडाया दिल्ली एयरपोर्ट से अरेस्ट

0

जयपुर। राजस्थान के बहुचर्चित जल जीवन मिशन (जेजेएम) घोटाले मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) द्वारा गिरफ्तार पूर्व जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री महेश जोशी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया वहीं इस मामले के आरोपी संजय बडाया को भी गिरफ्तार किया गया है।

एसीबी के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार महेश जोशी को सोमवार को अदालत में पेश किया गया जहां उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। महेश जोशी को एसीबी के विशेष जांच दल (एसआईटी) ने जेजेएम में करीब नौ सौ करोड़ रुपए के घोटाले मामले में गत सात मई को उनके जयपुर स्थित आवास से गिरफ्तार किया था। इसके बाद अदालत ने सोमवार तक एसीबी की हिरासत में भेज दिया था।

इस मामले में आरोपी संजय बड़ाया को थाईलैण्ड यात्रा से लौटने पर पूर्व में जारी लुकआउट सर्कुलर के तहत दिल्ली हवाई अड्डे पर हिरासत में लिया गया, जिसे विशेष टीम द्वारा ब्यूरो मुख्यालय लाया जाकर गिरफ्तार किया गया। इसके बाद न्यायालय में पेश किया गया जहां 13 मई तक एसीबी की हिरासत में भेज दिया गया। मामले में अनुसंधान जारी है। उल्लेखनीय है कि इस मामले में अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।