कांग्रेस ने केवल गरीबी हटाओ का नारा दिया, काम नहीं किया : शेखावत

जैसलमेर। केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में देश से गरीबी हटाओ का केवल नारा दिया, गरीबी हटाने के लिए जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं किया, जबकि केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने बिना किसी भेदभाव के योजनाएं चलाकर देश को गरीबी से बाहर निकालने का काम किया। उन्होंने गहलोत सरकार पर विकास कार्यों में भेदभाव करने का आरोप लगाया।

केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी जैसलमेर की ओर से आयोजित महाजनसंपर्क अभियान के तहत फलसूंड, राजमथाई, भेंसड़ा, भींनाजपूरा और सांकड़ा में केन्द्रीय योजनाओं के लाभार्थियों के सम्मेलनों को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी के जमाने से कांग्रेस देश से गरीबी हटाओ का नारा देती आ रही है, लेकिन वह केवल नारा ही बनकर रह गया। इसके लिए जो काम किया जाना चाहिए था, वह नहीं हुआ, लेकिन जब से देश में भाजपा की मोदी सरकार आई है, तब से बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य हो रहे हैं।

शेखावत ने कहा कि नौ साल पहले देश की हालात खराब थी। आए दिन आतंकी हमले होते थे। सीमा पर सैनिकों के सिर काट लिए जाते थे। कूटनीतिक मोर्चे पर भी सरकार विफल थी। भारत के लोगों में यह संदेह होने लगा था कि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था सफल भी है कि नहीं। बाद में नरेद्र मोदी जी को जनता ने आशीर्वाद दिया।

आजादी के बाद पहली बार किसी गैर कांग्रेसी दल को पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का मौका मिला। इसके बाद देश के हालत बदलने शुरू हो गए। पूरे विश्व में भारत का सम्मान बढ़ने लगा। जिस अमरीका ने कभी मोदीजी को वीजा देने से इनकार कर दिया था, आज उसने अपने संसद के दोनों संदनों को संयुक्त रूप से संबोधित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आमंत्रित किया है।

गरीब को गणेश मानकर सेवा की

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि जनसंघ के समय से हमारी विचारधारा और लक्ष्य यह था कि गरीब आदमी के जीवन में परिवर्तन लाने के लिए काम करेंगे। गरीब को गणेश मानकर सेवा करेंगे। देश के गौरव को पुनस्थापित करेंगे। आज नौ साल बाद देशवासी यह मानते हैं कि भारत का सम्मान फिर से बढ़ाने का काम मोदी जी ने किया है।

जल जीवन मिशन में राज्य की धीमी गति

शेखावत ने कहा कि जल जीवन मिशन में सबसे ज्यादा पैसा राजस्थान को मिला, अभी तक चालीस हजार करोड़ रुपए राजस्थान को दिए, लेकिन जिस गति से काम राजस्थान में होना चाहिए, वैसा नहीं हुआ। गहलोत सरकार पानी पर राजनीति कर रही है।

ईमानदारी से काम किया

शेखावत ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा उन पर लगाए जा रहे आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने जनता के आशीर्वाद से गहलोत के बेटे को चुनाव में हराया। इससे वे बौखला गए हैं और अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। मैंने यदि एक भी गलत काम किया या पैसा लिया है तो मुझे फांसी मिलनी चाहिए। ईमानदारी से लोगों के लिए काम किया। मेरे पास आए व्यक्ति को इज्जत के साथ किया।

प्रदेश में पेपर लीक सरकार

उन्होंने कहा कि एक तरफ सबको साथ लेकर चलने वाली मोदी सरकार है। दूसरी ओर, राज्य में गहलोत की सरकार है, जो भ्रष्टाचार में लिप्त है। पेपर लीक सरकार है। सरकार ने पेपर लीक माफिया को बचाने का काम किया। ईडी की जांच शुरू हो गई। अब कई सफेदपोश लोग अंदर जाएंगे। कांग्रेस के नेताओं ने अपने कई रिश्तेदारों को आरएएस बनाया।

महंगाई राहत के नाम पर रेवड़ियां बांट रहे

केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि जब पूरे देश में महंगाई कम हो रही है, तब ये महंगाई राहत शिविर लगा रहे हैं। कैंप में लाइन लगाकर लोगों को परेशान किया। देश में सबसे ज्यादा महंगा पेट्रोल-डीजल राजस्थान में है। सरकार राहत शिविर के नाम पर पाप कर रही है। केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि गहलोत सरकार लोक लुभावनी थोथी घोषणाओं से जनता को गुमराह कर रही है। ऐसी झूठी, नकारा, निक्कमी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए आज ही काम करना होगा।

ग्रामीणों ने किया स्वागत

केन्द्रीय मंत्री शेखावत का जोधपुर से जैसलमेर के बीच अनेक स्थानों पर ग्रामीणों ने आत्मीयता से स्वागत किया। शेखावत ने भुर्जगढ़ में श्रीश्री 1008 ईश्वर सिंह जी भोमिया जी महाराज के थान पर धोक लगाई। जाजम पर बैठकर ग्रामीणों से हथाई की। शेखावत ने जन सामान्य से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। साथ ही, यथासम्भव समस्याओं के निराकरण का प्रयास किया।

भाजपा जैसलमेर जिला अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश सारडा, प्रतापपुरी महाराज, पूर्व विधायक शैतान सिंह जिला प्रमुख प्रताप सिंह, मदन सिंह राजमथाई, सरपंच प्रतिनिधि रतन सिंह सहित अनेक भाजपा नेता कार्यकर्ता साथ रहे। सांकड़ा में केन्द्रीय मंत्री ने कार्यक्रम के बाद राजपूत समाज के नव निर्मित सार्वजनिक वाचनालय सभा भवन गढ़ी का लोकार्पण किया। इस दौरान सांकड़ा प्रधान भगवत सिंह तंवर, सरपंच उषा कंवर भोम सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।