जालंधर : बाथरूम के गीजर से गैस लीक होने से लड़की की मौत

जालंधर। पंजाब के जालंधर में बुधवार रात बाथरूम के गीजर से गैस लीक होने से शिवसेना नेता दीपक कंबोज की बेटी की जान चली गई।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि जालंधर के मिट्ठा बाजार क्षेत्र में बाथरूम में लगे गीजर से गैस लीक होने के कारण शिवसेना के उत्तर भारत प्रमुख दीपक कंबोज की 22 वर्षीय बेटी मुनमुन की दम घुटने से मौत हो गई।

कंबोज ने बताया कि बेटी का जन्मदिन था, जिसके लिए घर में खास तैयारियां की जा रही थीं। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी बाथरूम गई थीं। इसी दौरान गीजर की पाइप में तकनीकी खराबी के कारण गैस का रिसाव होने लगा।

बाथरूम बंद होने से गैस अंदर ही भर गई, जिससे मुनमुन को सांस लेने में परेशानी हुई और वह बेहोश हो गई। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों को शक हुआ। दरवाजा तोड़कर देखा गया तो मुनमुन अचेत अवस्था में पड़ी थीं। परिजन उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सके।