रायबरेली में सर्राफा व्यापारी को गोली मार कर लाखों के जेवर लूटे

0

रायबरेली। उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के मिल एरिया थाना क्षेत्र में लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर गुरुवार देर रात एक सर्राफा व्यापारी को गोली मारकर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर लूट लेने का मामला सामने आया है। घायल व्यापारी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस घटना के खुलासे के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने बताया कि अंबेडकर नगर मोहल्ला निवासी रमन सोनी की सर्राफा की दुकान है। गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहा था। व्यापारी के मुताबिक उसके बैग में लाखो रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवर रखे थे।

छजलापुर के पास बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोकने का प्रयास किया। नहीं रुकने पर बदमाशों ने उसके पैर में गोली मार दी, जिससे वह बाइक समेत गिर पड़ा। इसके बाद बदमाश उसका बैग लेकर फरार हो गए। घटना उसके घर से लगभग 10 मीटर की दूरी पर हुई। गोली लगने से घायल व्यापारी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घटना के खुलासे के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।