श्रीगंगानगर : किशोर गृह में बाल अपचारी कैदियों ने पीट-पीट कर की सुरक्षा गार्ड की हत्या

0

श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर के स्थानीय पदमपुर मार्ग पर कुंज विहार कॉलोनी में स्थित राजकीय संप्रेषण एवं किशोर सुधार गृह में बुधवार को देर शाम बाल अपचारी कैदियों ने एक सुरक्षा गार्ड की पीट-पीट कर हत्या कर दी।

इस हत्याकांड से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक शर्मा, पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) (शहर) विष्णु खत्री, पुरानी आबादी थाना प्रभारी सुमन परिहार और किशोर सुधार गृह के अधीक्षक राजीव जाखड़ सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और किशोर सुधार गृह में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पूरे घटनाक्रम का विश्लेषण किया।

पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव ने देर रात बताया कि मृतक सुरक्षा गार्ड की पहचान साहबराम के रूप में हुई है। वह पूर्व फौजी था। उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण करने पर कम से कम तीन बाल अपचारी इस हत्याकांड में शामिल दिखाई दिए हैं। उन्होंने लकड़ी के फट्टे से सुरक्षा गार्ड के सिर और पैरों पर कई वार किए। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि जब सुरक्षा गार्ड पर हमला किया जा रहा था तो वह जोर-जोर से चिलाया। उस समय दूसरा सुरक्षा गार्ड किशोर सुधार गृह की प्रथम मंजिल पर था। वह दौड़कर आया तब तक साहबराम बुरी तरह से जख्मी हो चुका था। उसकी वहीं मौत हो गई थी।

पुलिस को इस घटना की सूचना शाम करीब साढ़े सात बजे मिली, जिसके बाद कुछ ही देर में अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के बाद शव जिला अस्पताल के मुर्दाघर में भिजवा दिया गया।

हरिशंकर ने प्रारंभिक जांच पड़ताल के आधार पर बताया कि साहबराम संप्रेषण एवं किशोर सुधार गृह में बाल अपचारियों का मार्गदर्शन भी करता था। पिछले दो-तीन दिन से सुधार गृह के बाल अपचारी कैदियों को आगामी 15 अगस्त पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम के संबंध में तैयारी भी करवाई जा रही थी।

शाम को साहबराम अपने गार्ड रूम के सामने वाले वार्डन में बाल अपचारी कैदियों को कार्यक्रम की तैयारी करवाने के लिए अंदर गया था। वह जब बाहर आने लगा, तभी उस पर अचानक हमला कर दिया गया। यह हमला किस बात को लेकर किया गया, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि प्रत्यक्ष रूप से वारदात में शामिल तीन बाल कैदियों सहित बाकी बाल कैदियों से पूछताछ की जा रही है।

जानकार सूत्रों ने बताया कि आज सुधार गृह में कुल 27 बाल अपचारी कैदी थे। इनमें कुछ बाल अपचारी तो हत्या के मामले में बंद है। कुछ बाल अपचारी नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री के मामलों को लेकर तहत बंद हैं।