खैरथल अनाज मंडी में ढाई लाख की लूट का खुलासा, दो अरेस्ट

अलवर। राजस्थान में खैरथल अनाज मंडी में व्यापारी के मुनीम से हुई ढाई लाख रुपए की लूट के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि सात जुलाई को पूर्वाह्न करीब 11 बजे व्यापारी श्यामलाल गुप्ता का मुनीम बैंक से ढाई लाख रुपए निकालकर अनाज मंडी स्थित दुकान की ओर आ रहा था। प्याज मंडी के पास मोटर साइकिल सवार दो बदमाशों ने हथियार दिखाकर उससे रुपए छीन लिए।

पुलिस ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आस पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके साथ ही साइबर विशेषज्ञ की भी मदद ली गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान करके गोविंद उर्फ विक्की और दिल्ली के दक्षिणपुरी निवासी महादेव उर्फ चिन्टु उर्फ को गिरफ्तार किया। गोविंद खैरथल थाने का कुख्यात बदमाश है और उसके खिलाफ 21 मामले दर्ज हैं।

जांच में पता चला कि आरोपियों ने एक महीने पहले वारदात की योजना बनाई थी। घटना से तीन दिन पहले उन्होंने मंडी और बैंक के रास्तों की निगरानी की। वारदात के बाद वे सुनसान रास्ते से भागे और वापसी में अलग रास्ता अपनाया। दोनों आरोपी एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं। इनके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती और धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं।

बीरू जाटव हत्याकांड के दो आरोपी दबोचे

अलवर जिले के खेरली थाना क्षेत्र में बहुचर्चित बीरू हत्याकांड में फरार दो इनामी आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक संजीव नैन ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों चेतन राजपूत (21) पर 25 हजार रुपए और नवीन जाटव (27) पर पांच हजार रुपए का इनाम घोषित था। उन्होंने बताया कि दोनों को खुफिया जानकारी के आधार पर गिरफ्तार किया गया।

अलवर के खेरली इलाके में यह मामला काफी चर्चित रहा था, जिसमें बीरू जाटव हत्या कर दी गई थी। हत्या उसकी पत्नी अनीता राज और उसके प्रेमी काशी प्रजापत ने दो लाख रुपए की सुपारी देकर चार अन्य लोगों से बीरू की हत्या करवाई थी। इस मामले में बीरू का नौ वर्ष का बेटा चश्मदीद गवाह है, जिसने पुलिस को पूरी वारदात की जानकारी दी थी। पुलिस ने पहले ही अनीता राज, प्रेमी काशी प्रजापत और एक अन्य आरोपी बृजेश जाटव को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी थी।

नकली नोटों से ठगी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

अलवर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकली (मनोरंजन बैंक) के नोटों से ठगी करने वाले तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी गुरुदत्त ने शनिवार को बताया कि पुलिस ने प्रकाश चंद्र (35), नवीन कुमार (24) और जमशेद को गिरफ्तार करके उनसे 100, 200, 500 और 2000 के मनोरंजन बैंक के नोटों की कुल 185 गड्डियां बरामद की। उन्होंने बताया कि ये आरोपी लोगों को पांच गुना राशि करने का झांसा देकर उनके असली नोट लेकर मनोरंजन बैंक के नोट थमा देते थे।