भीलवाड़ा में 6000 रुपए रिश्वत लेते कोतवाली थाने का कांस्टेबल अरेस्ट

0

भीलवाड़ा। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने भीलवाड़ा में मंगलवार को कोतवाली थाने के कांस्टेबल को छह हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि परिवादी ने एसीबी के भीलवाड़ा कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि कोतवाली थाने में दर्ज एक मामले में उसे बार-बार थाने बुलाकर परेशान किया जा रहा था और पत्रावली में जल्दी कार्रवाई करने के एवज में कांस्टेबल रज्जाक मोहम्मद 15 हजार रुपए की रिश्वत की मांग रहा है। पांच हजार रुपए वह पहले ही ले चुका है। अब वह 10 हजार रुपए और मांग रहा है।

इस पर ब्यूरो के दल ने शिकायत के सत्यापन के बाद भीलवाड़ा इकाई में पुलिस उपाधीक्षक पारसमल के नेतृत्व में गठित ब्यूरो के दल ने जाल बिछाकर कांस्टेबल मोहम्मद रज्जाक को परिवादी से छह हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।

युवक की बांध में डूबने से मौत

भीलवाड़ा के मांडल थाना क्षेत्र में स्थित मेजा बांध पर सोमवार को घूमने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि युवक की पहचान पांसल के निवासी रोहित सिंह (23) के रूप में हुई है।

घटना सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रोहिताश्व यादव पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद देर शाम गोताखोरों ने युवक का शव बांध से बाहर निकाला। पुलिस ने बताया कि आज पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।