भीलवाड़ा में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से श्रमिक की मौत

0

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के मंगरोप थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक श्रमिक की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि अमित कंजर (40) मंडपिया की एक फैक्ट्री में काम करता था। रात करीब आठ बजे वह अपने कमरे से रोजमर्रा का सामान लेने पैदल निकला था।

जैसे ही वह मंडपिया स्थित बालाजी मंदिर के सामने पहुंचा, पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शुक्रवार सुबह पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।

अवैध डोडा-चूरा ले जाते तस्कर गिरफ्तार

भीलवाड़ा जिले के मांडलगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक कार से अवैध डोडा-चूरा जब्त करके कोटा के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी घनश्याम मीणा ने शुक्रवार को बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस दल ने लाडपुरा के पास नाकाबंदी शुरू की।

गुरुवार को रात करीब पौने आठ बजे मेनाल की ओर से आती एक सफेद रंग की कार को पुलिस रोककर उसकी तलाशी ली, तो उसमें दो प्लास्टिक के कट्टे मिले, जिनमें कुल 45 किलो 400 ग्राम अफीम डोडा-चूरा भरा हुआ था। उन्होंने बताया कि कार चालक कोटा निवासी योगेश कुमार शर्मा (36) को गिरफ्तार कर लिया गया। उससे पूछताछ की जा रही है।