श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ थाना क्षेत्र में एक शराब ठेका के सेल्समेन पर कुछ हथियारबंद व्यक्तियों द्वारा जानलेवा हमले किए जाने की घटना सामने आई है।
पुलिस ने गुरुवार को बताया कि हमले में गंभीर रूप से घायल हुए सेल्समेन भूपेंद्र सिंह (45) का बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर काफी चोटें लगी हैं।
इस मामले में पुलिस ने रवि उर्फ रविंद्र और चार पांच अन्य व्यक्तियों पर लाठी-डंडों व धारदार हथियार से भूपेंद्रसिंह की हत्या का प्रयास करने के आरोप में बुधवार शाम को मामला दर्ज किया।
डिग्गी में डूबने युवक की मौत
श्रीगंगानगर जिले के चूनावढ थाना क्षेत्र में डिग्गी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि ततारसर गांव का हिमांशु जाट (22) बुधवार को शाम को खेत में पानी लगाने गया था। इसी दौरान वह डिग्गी से पानी निकालते समय पैर फिसल जाने से डिग्गी में गिर गया।
काफी देर तक जब वह घर वापस नहीं आया तो परिजनों ने उसके मोबाइल फोन पर कॉल की। उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ था। फिर उन्होंने खेत में जाकर देखा तो उसका शव डिग्गी में मिला। आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।



