मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव : भाजपा की एक और सूची, मोनिका बट्टी को अमरवाड़ा से बनाया प्रत्याशी

भोपाल। मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के पहले आज भारतीय जनता पार्टी की ओर से अपने प्रत्याशियों की एक और सूची जारी करते हुए मोनिका बट्टी को अमरवाड़ा विधानसभा से प्रत्याशी घोषित किया गया है।

इसके पहले सोमवार को ही पार्टी ने अपने 39 प्रत्याशियों की घोषणा की थी, जिसमें तीन केंद्रीय मंत्रियों समेत सात सांसदों के नाम शामिल थे। पार्टी की ओर से आज जारी की गई सूची के अनुसार अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित अमरवाड़ा सीट से मोनिका बट्टी चुनाव मैदान में उतरेंगी।

बट्टी पिछले दिनों ही भाजपा में शामिल हुई हैं। वे अखिल भारतीय गोंडवाना पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व विधायक मनमोहन शाह बट्टी की बेटी हैं। मनमोहन शाह बट्टी अमरवाड़ा से विधायक रह चुके हैं। कोरोना काल के दौरान उनका निधन हो जाने के बाद से उनकी बेटी मोनिका बट्टी अखिल भारतीय गोंडवाना के अध्यक्ष बनने के बाद उसे संभाल रही है।

इस पार्टी का पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के गृह क्षेत्र छिंदवाड़ा में अच्छा खासा प्रभाव है। अमरवाड़ा विधानसभा इसी क्षेत्र की विधानसभा सीट है। इसके साथ ही भाजपा के अब तक 79 प्रत्याशियों की घोषणा हो चुकी है।

आत्मविश्वास से भरी है भाजपा, इसलिए जारी कर रही प्रत्याशियों की सूचियां

मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के पहले भारतीय जनता पार्टी की ओर से अपने प्रत्याशियों की दो सूचियां जारी करने के बीच पार्टी की प्रदेश इकाई के अघ्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज कहा कि पार्टी पूरी तरह आत्मविश्वास से भरी हुई है और इसीलिए लगातार प्रत्याशियों की सूची जारी कर रही है।

शर्मा ने यहां संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने 39 नए प्रत्याशियों की घोषणा की है। पहले भी प्रत्याशियों की सूची जारी की थी, उसके बाद पूरी पार्टी कार्यकर्ता महाकुंभ की तैयारी में जुट गई थी, लेकिन यह भारतीय जनता पार्टी का आत्मविश्वास ही है, जो लगातार प्रत्याशियों की सूची जारी कर रही है।

उन्होंने कहा कि अभी तक 78 प्रत्याशियों को मैदान में उतार दिया है। ये भाजपा के नेतृत्व की इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास है, जिन्होंने इतने प्रत्याशियों को घोषित कर चुनावी मैदान में उतार दिया है।

शर्मा ने कहा कि पार्टी का अनुभवी और संघर्षशील नेतृत्व, जिसने इस प्रदेश को अपनी अथक मेहनत से खड़ा किया है आज वे मैदान में उतरे हैं। साथ ही नौजवानों और महिलाओं को भी अवसर दिए गए हैं। यह भाजपा ही कर सकती है।