बैतूल-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार कंटेनर की टक्कर से युवक की मौत, पत्नी और बेटा घायल

2

बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में बैतूल-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार कंटेनर के अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए विपरीत दिशा की लेन में घुस जाने से हुए सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और छह वर्षीय पुत्र घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार यह हादसा रविवार को झिटापाटी जोड़ के समीप उस समय हुआ, जब नर्मदापुरम निवासी विकास राव (36) अपनी पत्नी और छह वर्षीय बेटे के साथ मोटरसाइकिल से मोहरखेड़ा गांव जा रहे थे। वे एक परिचित के यहां आयोजित तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मुलताई की ओर से आ रहा एक कंटेनर तेज रफ्तार में था और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कंटेनर लगभग दस फीट चौड़े डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरी लेन में घुस गया और सामने से आ रही मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार विकास राव गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे में उनकी पत्नी और पुत्र भी घायल हो गए। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना के बाद कंटेनर सड़क किनारे खेत में जाकर पलट गया। पलटने के बाद वाहन से डीजल का रिसाव होने लगा, जिससे आग लगने का खतरा पैदा हो गया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर पानी का टैंकर बुलाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

बैतूल बाजार थाना प्रभारी अंजना धुर्वे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कराया। बाद में क्रेन की मदद से पलटे कंटेनर को हटाने की कार्रवाई की गई। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन चालक का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।