अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के गोविन्दगढ़ थाना क्षेत्र में रास्ते को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद के चलते गुरुवार को एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बरवाड़ा की ढाणी में सतनाम सिंह की गोली लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि भाईयों के दो परिवारों में रास्ते को लेकर कई वर्षों से विवाद चला आ रहा था। पुलिस ने आरोपी पक्ष के एक व्यक्ति को आंख में चोट लगने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया है। पूरे मामले की जांच कर दी गई है।
घटना के दौरान आरोपियों ने गोली चलाने से पहले मृतक के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। उसके बाद सतनाम सिंह को गोली मार दी। जिससे वह घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सतनाम सिंह को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दोनों पक्ष आपस में चाचा-ताऊ के बेटे है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
प्रेम प्रसंग में युवक ने लगाई फांसी
अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक के फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि युवक ने आत्महत्या करने से पहले अपनी प्रेमिका को वीडियो कॉल करके अपनी परेशानी और आत्महत्या का कारण भी बताया था।
पुलिस ने बताया कि रामगढ़ के केशव नगर निवासी देवेंद्र मेघवाल (23) मूर्ति आपूर्ति का काम करता था। उसका एक युवती के साथ काफी समय से प्रेम प्रसंग था। बताया जा रहा है कि देवेंद्र दो दिन पहले ही रामगढ़ से अलवर के नयाबास क्षेत्र में अपने जीजा के किराए के कमरे पर आकर रुका हुआ था।
बुधवार को उसका जीजा मनोज कुमार किसी काम से रामगढ़ चला गया था। इसी दौरान देवेंद्र मेघवाल ने किराए के मकान की तीसरी मंजिल पर बने कमरे में छत के कुंदे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।



