भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा के माणिक्य नगर मार्ग पर स्थित एक मेडिकल स्टोर में गुरुवार रात आग लगने से लाखों रुपए की दवाइयां और कीमती फर्नीचर नष्ट हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देर रात नमन मेडीकल स्टोर में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि स्टोर के अंदर रखा स्टॉक और फर्नीचर कुछ ही देर में स्वाहा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझाने से आसपास की दुकानों को चपेट में आने से बचा लिया गया। सूत्रों ने बताया कि फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट को इसका प्राथमिक कारण माना जा रहा है।



