नसीराबाद। समीपवर्ती ग्राम बाघसूरी के देवरी माता चारागाह भूमि, नाहरपुरा सिवायचक सरकारी एवं भवानीखेड़ा सड़क मार्ग स्थित चारागाह भूमि हो रहे अवैध खनन कर मिट्टी दोहन पर अंकुश लगाने को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों ने नसीराबाद एसडीएम कल्पित शिवरान को ज्ञापन सौंपकर अवैध रूप से मिट्टी दोहन करने वालों पर ठोस कार्रवाई कराने की मांग की।

ग्रामीण गोरधन लाल गुर्जर, जसराज गुर्जर आदि ने बताया कि असामाजिक तत्व रात के समय जेसीबी मशीन के जरिए सरकारी सिवायचक भूमि से अवैध मिट्टी का दोहन कर चांदी कूट रहे हैं तथा देवरी माता चारागाह भूमि व सिवायचक भूमि एवं अजबा का बाडिया सड़क मार्ग स्थित चारागाह भूमि से अवैध मिट्टी दोहन कर गहरे गड्ढे बनाए जा रहे हैं। जिससे पशुपालकों के सामने अपने मवेशियों को लेकर संकट उत्पन्न हो रहा है।
ग्रामीणों ने मिट्टी दोहन कर रहे असामाजिक तत्वों के खिलाफ ठोस कार्रवाई करवाने की मांग की गई है। इससे पूर्व ग्राम नाहरपुरा के पशुपालकों व ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत प्रशासन को भी वस्तु स्थिति से अवगत कराते हुए मिट्टी दोहन करने वालों को पांबद कराने की मांग की गई है।



