हनुमानगढ़ में कृषि भूमि की रंजिश में अधेड़ की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या

0

हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के खुइयां थाना क्षेत्र में एक अधेड़ व्यक्ति की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या करने का मामला सामने आया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि लोकेंद्रसिंह राजपूत (23) ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके पिता रविंद्र सिंह राजपूत की उसके ही गांव के मुकेश शर्मा (35) ने ट्रैक्टर के टायरों से कुचलकर हत्या कर दी।

उसने बताया कि कोलासर फांटा पर स्थित कृषि भूमि को लेकर उनके पिता रविंद्रसिंह और मुकेश शर्मा के बीच लंबे समय से गहरी रंजिश चली आ रही थी। इसी विवाद के चलते बुधवार को रात करीब सवा आठ बजे रविंद्र सिंह पैदल गांव की एक गली से होकर जा रहे थे। तभी मुकेश शर्मा ट्रैक्टर लेकर वहां पहुंचा और जानबूझकर अपने पिता को ट्रैक्टर के नीचे कुचल दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल रविंद्रसिंह को निकटवर्ती सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मुकेश शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

खेत की डिग्गी में डूबने से किसान की मौत

हनुमानगढ़ जिले के नोहर थाना क्षेत्र में एक अधेड़ किसान की खेत में पानी की डिग्गी में डूबने से मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि बुधवार को हनुमान मेघवाल (55) खेत में पानी लगाने के लिए पाइप को डिग्गी में लगा रहा था। तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह डिग्गी में गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच थाना प्रभारी पृथ्वीसिंह नरूका कर रहे हैं।