मोहन माझी होंगे ओडिशा के नए मुख्यमंत्री, सिंगदेव और पार्वती परिदा उपमुख्यमंत्री

भुवनेश्वर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहन माझी ओडिशा के नए मुख्यमंत्री होंगे तथा केवी सिंगदेव और पार्वती परिदा को उपमुख्यमंत्री बनाने की घोषणा की गई है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को भाजपा विधायक दल की करीब एक घंटे तक चली बैठक के बाद मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों के नामों की घोषणा की।

सिंह, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के साथ केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में यहां पार्टी विधायक दल की बैठक में शामिल हुए। उन्होंने भाजपा विधायक दल के नेता के रूप में माझी के नाम की घोषणा की। उन्होंने बताया कि माझी के नाम का प्रस्ताव सुरमा पाढ़ी और पृथ्वीराज हरिचंदन ने रखा, जिसका बैठक में मौजूद सभी पार्टी विधायकों ने सर्वसम्मति से समर्थन किया। सिंह ने कहा कि पार्टी ने सिंगदेव और परिदा को उपमुख्यमंत्री बनाने का फैसला किया है।

शपथ ग्रहण समारोह बुधवार को यहां जनता मैदान में होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल होंगे। प्रमुख आदिवासी नेता माझी 2000, 2004, 2019 और 2024 के चुनावों के दौरान चार बार ओडिशा विधानसभा के लिए चुने गए हैं। वह पिछली विधानसभा में विपक्ष के मुख्य सचेतक थे।

दूसरी ओर, पश्चिमी ओडिशा की पटनागढ़ विधानसभा सीट से छह बार राज्य विधानसभा के लिए चुने गए केवी सिंग देव और तटीय ओडिशा के निमापारा से पहली बार विधायक बनीं परिदा उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। बैठक में ओडिशा से तीन केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, जुएल ओराम और अश्विनी वैष्णव तथा पार्टी के सभी निर्वाचित सांसद और विधायक शामिल हुए।