मुरैना। मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के नूराबाद थाना में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक द्वारा महिला की कथित पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने संबंधित प्रधान आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार नूराबाद थाना क्षेत्र के खरगपुर गांव निवासी उषा जाटव ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि उनकी पुत्री के कथित रूप से घर से चले जाने के मामले में शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि बाद में जब वह अपने पति के साथ शिकायत लेकर नूराबाद थाना पहुंचीं तो उन्हें कई बार थाने के चक्कर लगाने पड़े।
महिला का आरोप है कि 24 जून को कुछ पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे और थाने चलने के लिए कहा। इसी दौरान नूराबाद थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक विक्रम राठौर ने कथित रूप से प्लास्टिक के पाइप से उनकी पिटाई की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
महिला ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने मामले का संज्ञान लेते हुए प्रधान आरक्षक विक्रम राठौर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।



