बारां के अन्ता में मां- बेटी पर चाकू से हमला, मां की मौत

0

बारां। राजस्थान में बारां जिले के अन्ता थाना क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते मां-बेटी पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को घटना के करीब 12 घंटे के भीतर ही पकड़ लिया।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदाशु ने शुक्रवार को बताया कि 21 मई की रात सूचना मिली कि अन्ता में रामदेवजी मंदिर के पास सीसवाली रोड बरड़िया क्षेत्र में एक व्यक्ति ने आपसी रंजिश के चलते मां-बेटी पर चाकू से हमला करके उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए राजकीय उप जिला चिकित्सालय अन्ता पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में घायल प्रेमबाई (52) और उनकी पुत्री कृष्णा (17) को कोटा भेजा गया।
इलाज के दौरान प्रेमबाई की एमबीएस अस्पताल कोटा में मौत हो गई, जबकि कृष्णा की हालत गंभीर बनी हुई है।

उन्होंने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग चार दलों का गठन किया। इन दलों ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देते हुए मुखबिर सूचना एवं तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपी को सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में ढीबरी पुलिया के पास दबोंच लिया। आरोपी की पहचान सीताराम मेघवाल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने मृतका से आपसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया।