मुंबई में देश के सबसे अमीर भगवान गणेश की मूर्ति का अनावरण

मुंबई। महाराष्ट्र के मध्य मुंबई के किंग सर्कल में स्थित जीएसबी सेवा मंडल ने भगवान गणपति का 360 करोड़ रुपए का बीमा कवर प्राप्त करते हुए देश के सबसे अमीर भगवान गणेश की मूर्ति का पहला लुक दुनिया के साथ साझा किया।

भगवान गणपति को रविवार को सिर से लेकर पैर तक लगभग 66.6 किलोग्राम सोने और 295 किलोग्राम चांदी से सजाया गया। जिसमें एक हार है, उनके कान, हाथ और पैरों को आभूषणों से सजाया गया है, उनकी सूंड तथा अन्य अंगों को सजावटी समानों से अलंकृत किया गया है।

जीएसबी सेवा मंडल के न्यासी और प्रवक्ता अमित डी पाई ने कहा कि एक श्रद्धालु ने 200 ग्राम से ज्यादा सोना चढ़ाया है और 19 सितंबर को उत्सव के पहले दिन अतिरिक्त 40 किलोग्राम सोना भगवान को चढ़ाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि ये ‘नैवेद्य’ (पवित्र प्रसाद) रखने वाले बर्तनों के रूप में होंगे। जीएसबी गणपति का 360 करोड़ रुपये से ज्यादा का बीमा किया गया है। इस वर्ष जीएसबी सेवा मंडल के लिए सार्वजनिक गणेश उत्सव का 69वां वर्ष है।