अजमेर कलेक्ट्रेट पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका, नगर निगम में फहराता रहा

0
अजमेर नगर निगम के कार्यालय पर फहराता राष्ट्रीय ध्वज।

अजमेर। कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी के निधन पर केन्द्र सरकार द्वारा घोषित एक दिवसीय राष्ट्रीय शोक के तहत अजमेर कलेक्ट्रेट में सोमवार को राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहा। वहीं प्रशासनिक अनदेखी के चलते नगर निगम की भव्य इमारत पर ध्वज यथावत फहराता रहा।

सामान्य प्रशासन (प्रोटोकॉल) विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि कतर के पूर्व अमीर का 12 जुलाई को निधन हो गया। उनके सम्मान में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने आज पूरे भारत में एक दिन का राजकीय शोक मनाने का निर्णय लिया है। सम्मान के प्रतीक के रूप में, राज्य के सभी सरकारी भवनों पर तिरंगा आधा झुका रहा और किसी भी आधिकारिक मनोरंजन या उत्सव कार्यक्रमों का आयोजन नहीं किया गया।

इससे पहले रविवार को राज्य सरकार ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिया कि वे अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले कार्यालयों को सूचित करें और निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। सभी विभागों के प्रमुखों और अन्य अधिकारियों से भी कहा गया है कि वे यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएं कि राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहे और राजकीय शोक का पालन पूरी तरह से और सही भावना के साथ किया जाए। इस आदेश का पालन केन्द्र सरकार के गृह मंत्रालय से मिले निर्देश के आधार पर सामान्य प्रशासन (प्रोटोकॉल) विभाग द्वारा जारी किया गया था।