अजमेर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ओबीसी प्रकोष्ठ में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से नई नियुक्तियां की गई हैं। इसी क्रम में प्रदेश सचिव मामराज सेन को ब्यावर जिले का प्रभारी नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति से क्षेत्रीय स्तर पर संगठन को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
शुक्रवार को ओबीसी विभाग के चेयरमैन हरसहाय यादव ने प्रदेशभर में संगठन विस्तार को ध्यान में रखते हुए 50 प्रभारियों की सूची जारी की। इस सूची में विभिन्न जिलों के लिए जिम्मेदार पदाधिकारियों को नियुक्त किया गया है, ताकि जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत की जा सके और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को गति मिल सके।
इसी कड़ी में अजमेर जिले में भी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। अजमेर शहर का प्रभारी जवानाराम चौधरी को बनाया गया है, जबकि अजमेर देहात की जिम्मेदारी रोहिताश जांगिड को दी गई है।
पार्टी पदाधिकारियों का मानना है कि इन नियुक्तियों से संगठनात्मक ढांचे को मजबूती मिलेगी और ओबीसी वर्ग में कांग्रेस की पकड़ और मजबूत होगी। साथ ही, स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार होगा और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।



