

मुबंई। फिल्म ‘टार्जन द वंडर कार‘ से बॉलीवुड में कदम रखने वाली अभिनेत्री आयशा टाकिया शुक्रवार को अपना 29वां जन्मदिन मना रही है।
आयशा की गिनती उन अभिनेत्रियों में की जाती है, जिन्होंने शादी के बाद फिल्मों को अलविदा कह दिया। आयशा ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत विज्ञापन से की थी। आयशा ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत कॉम्प्लान के विज्ञापन में काम करके शुरू किया था। तब वो काफी छोटी थीं। इस विज्ञापन के बाद उन्हें कॉम्प्लान गर्ल कहा जाने लगा।
महज पंद्रह साल की उम्र में आयशा ने सिंगर फाल्गुनी पाठक के एल्बम में नजर आई थीं। म्यूजिक वीडियो ‘मेरी चुनर उड़ उड़ जाए…‘ से उन्हें नई पहचान मिली। इसके कुछ साल बाद ही डीजे अकील के एल्बम में काम करने के साथ उन्हें बॉलीवुड में ब्रेक मिल गया था। आयशा ने अभय देओल स्टारर फिल्म ‘सोचा ना था‘ पहले साइन की थी, लेकिन फिल्म ‘टार्जन- द वंडर कार’ पहले रिलीज हुई।
वर्ष 2004 में फिल्मफेयर बेस्ट डेब्यू अवॉर्ड से सम्माबनित की जाने वाली आयशा ने फिल्म ‘शादी नंबर 1‘, ‘होम डिलिवरी‘, ‘वॉन्टेड‘, ‘शादी से पहले‘, ‘क्या लव स्टोरी है‘, ‘कैश‘, ‘संडे‘, ‘दे ताली‘, ‘नो स्मोकिंग‘ सहित कई फिल्मों में काम करने के बाद उन्होंने फिल्म ‘डोर‘ में गंभीर भूमिका निभाई। इस फिल्म के लिए उन्हें जी सिने बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड मिला था। 2009 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘वॉन्टेड’ में सलमान के साथ काम करके आयशा ने काफी तारीफें बटोरी थीं।
वहीं, फिल्मों में अपनी पहचान बनाने के बाद आयशा ने बिजनेसमैन फरहान आजमी से निकाह किया। फरहान आजमी समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता अबु आजमी के बेटे हैं। मार्च 2009 में शादी के बाद उन्होंने फिल्मी दुनिया से दूरी बना ली। हालांकि 2010 में वे फिल्म ‘पाठशाला’ और 2011 में ‘मोड़’ में नजर आईं। आयशा टाकिया आजमी ने 6 दिसंबर, 2013 को बेटे को जन्म दिया है। फिलहाल, वे अपने पति के साथ उनके व्यापार में हाथ बंटा रही हैं।