Home Entertainment Box Office बॉक्स ऑफिस की रेस में अक्षय की एयरलिट, बेबी सबसे आगे

बॉक्स ऑफिस की रेस में अक्षय की एयरलिट, बेबी सबसे आगे

0
बॉक्स ऑफिस की रेस में अक्षय की एयरलिट, बेबी सबसे आगे
airlift and Baby top on Box office collections
airlift and Baby top on Box office collections
airlift and Baby top on Box office collections

मुंबई। बॉलीवुड के लिए वर्ष 2016 की पहली तिमाही टिकट खिड़की पर कमाई के लिहाज से अधिक उत्साहवर्धक नहीं रही। इस दौरान एयरलिट, नीरजा, कपूर एंड सन्स, जय गंगाजल और वजीर जैसी कुछ फिल्में ही दर्शकों को प्रभावित करने में सफल रही।

वर्ष 2016 की शुरूआत 08 जनवरी को प्रदर्शित फिल्म वजीर से हुई। बिजॉय नॉबियार निर्देशित और विधु विनोद चोपड़ा निर्मित इस फिल्म में महानायक अमिताभ बच्चन, फरहान अख्तर और अदिती राव हैदरी ने मुख्य भूमिका निभाई है। अमिताभ फिल्म में लकवाग्रस्त शतरंज के खिलाड़ी और फरहान अख्तर ने एटीएस अधिकारी की भूमिका निभाई है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 42 करोड़ रुपए का औसत व्यापार किया।

22 जनवरी को अक्षय कुमार और निमरत कौर जैसे सितारों से सजी फिल्म एयरलिट प्रदर्शित हुई। राज कृष्ण मेनन के निर्देशन में बनी यह फिल्म इराक-कुवैत युद्ध के दौरान भारतीयों को सुरक्षित बाहर निकाले जाने के अभियान पर बनी है। फिल्म एयरलिट इस वर्ष की अबतक की सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म है।

एयरलिट ने टिकट खिड़की पर 127 करोड़ की शानदार कमाई की है। 22 जनवरी को ही एकता कपूर निर्मित फिल्म क्या कूल है हम के तीसरे संस्करण क्या कूल है हम 3 से दर्शकों का दीदार हुआ। उमेश घाटगे के निर्देशन में बनी इस फिल्म में तुषार कपूर, आफताब शिवदासानी और मंदना करीमी ने अभिनय किया है। फिल्म टिकट खिड़की पर कोई कमाल नहीं दिखा सकी।

29 जनवरी को मिलाप जावेरी के निर्देशन में बनी फिल्म मस्तीजादे प्रदर्शित हुई। व्यस्क कॉमेडी पर आधारित इस फिल्म में सनी लियोनी, तुषार कपूर और वीरदास की अहम भूमिकाएं है। फिल्म में सनी लियोनी ने दोहरी भूमिका निभाई है। फिल्म ने टिकट खिड़की पर 38 करोड़ की औसत कमाई की। 29 जनवरी को ही आर माधवन की फिल्म साला खडूस प्रदर्शित हुई। राजकुमार हिरानी निर्मित इस फिल्म में आर माघवन बॉक्सिंग कोच की भूमिका निभाते नजर आए। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई कमाल नहीं दिखा सकी।

5 फरवरी को इस वर्ष की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक घायल वंस अगेन प्रदर्शित हुई। यह फिल्म वर्ष 1990 में प्रदर्शित फिल्म घायल की सीक्वल है। घायल वंस अगेन सनी देओल की महात्वकांक्षी परियोजना थी जिसे वह काफी समय से बनाना चाहते थे। घायल वंस अगेन में सनी देओल, सोहा अली खान की अहम भूमिकाएं निभाई है। फिल्म अपनी अपेक्षा के अनुरूप कमाई नहीं कर सकी। फिल्म ने 36 करोड़ का कारोबार किया है।

12 फरवरी को दर्शकों को अभिषेक कपूर के निर्देशन में बनी फिल्म फितूर का दीदार हुआ। फितूर में कैटरीना कैफ, आदित्य रॉय कपूर और तब्बू की अहम भूमिकाएं है। कहा जा रहा है कि यह फिल्म फिल्म चार्ल्स डिकेंस के उपन्यास ‘ग्रेट एक्स्पेक्टैशनÓ का रूपांतरण है। फिल्म टिकट खिड़की पर कोई करिश्मा नहीं दिखा सकी और महज 18 करोड़ का कारोबार कर सकी।

एयरहोस्टेस नीरजा भनोट के जीवन पर बनी फिल्म नीरजा 19 फरवरी को प्रदर्शित हुई। राम माधवानी के निर्देशन में बनी फिल्म नीरजा में सोनम कपूर ने नीरजा भनोट की भूमिका निभाई है जिन्होंने 1986 में कराची से अगवा पैन एएम की उड़ान संख्या 73 में सवार यात्रियों की जान बचाने के दौरान अपनी जान दे दी। उन्हें मरणोपरांत अशोक चक्र से सम्मानित किया गया था। नीरजा इस वर्ष की अबतक की दूसरी सुपरहिट फिल्म में शुमार की गई। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 75 करोड़ से अधिक की कमाई की है।

26 फरवरी को हंसल मेहता के निर्देशन में बनी फिल्म अलीगढ़ प्रदर्शित हुई। फिल्म में मनोज वाजपेयी और राजकुमार राव ने अभिनय किया है। सच्ची घटना पर आधारित फिल्म ‘अलीगढ़’ अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर श्रीनिवास रामचंद्र सिरस की कहानी पर आधारित है, जिन्हें लैंगिक रुझान के कारण निलंबित कर दिया गया। मनोज वाजपेयी फिल्म में प्रोफेसर की भूमिका में हैं, जबकि राजकुमार एक पत्रकार की भूमिका में हैं। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से नकार दी गई। फिल्म ने महज दो करोड़ का कारोबार किया है।

प्रकाश झा के निर्देशन में बनी फिल्म जय गंगाजल 04 मार्च को प्रदर्शित हुई। जय गंगाजल में प्रियंका चोपड़ा ने पुलिस अधिकारी का किरदार निभाया है। फिल्म में प्रकाश झा भी पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आए। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 38 करोड़ का कारोबार कर मुनाफे का सौदा साबित हुई।

करण जौहर निर्मित और शकुन बत्रा निर्देशित फिल्म कपूर एंड सन्स 18 मार्च को प्रदर्शित हुई। फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा, आलिया भट्ट और फवाद खान ने मुख्य भूमिकाएं निभाई है। कपूर एंड सन्स इस वर्ष की अबतक की तीसरी सर्वाधिक कमाई करने वाली फिल्म साबित हुई। कपूर एंड सन्स अबतक 62 करोड़ रुपए की कमाई कर चुकी है।

निशिकांत कामत के निर्देशन में बनी फिल्म रॉकी हैंडसम 25 मार्च को प्रदर्शित हुई है। यह फिल्म कथित तौर पर 2010 की कोरियाई फिल्म ‘द मैन फ्रॉम नोवेयर’ का एक रूपांतरण है। फिल्म ‘रॉकी हैंडसम’ में जॉन अब्राहम, श्रुति हासन और नतालिया कौर की अहम भूमिकाएं है।
फिल्म अबतक बॉक्स ऑफिस पर 20 करोड़ से अधिक की कमाई कर चुकी है। इन सबके साथ ही अबतक सनम तेरी कसम, सनम रे, चॉक एंड डस्टर, लवशुदा, तेरे बिन लादेन डेड और ऐलाइव, तेरा शुरूर जैसी फिल्में भी प्रदर्शित हुई लेकिन सफल नहीं रही।