Home Headlines सपा-कांग्रेस गठबन्धन से घबरा रहे विरोधी दल: अखिलेश यादव

सपा-कांग्रेस गठबन्धन से घबरा रहे विरोधी दल: अखिलेश यादव

0
सपा-कांग्रेस गठबन्धन से घबरा रहे विरोधी दल: अखिलेश यादव
UP Chief Minister Akhilesh Yadav
UP Chief Minister Akhilesh Yadav
UP Chief Minister Akhilesh Yadav

मुरादाबाद/बरेली/रामपुर। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुरादाबाद के कांठ में कहा कि कांग्रेस और सपा का गठबन्धन नई सोच के नेताओं का गठबंधन है। यह गठबन्धन यूपी में सरकार बनाने के अलावा देश में भाजपा का सफाया करेगा। उन्होंने कहा कि इस गठबन्धन से विरोधी दल घबरा रहे हैं।

प्रधानमंत्री कहते हैं कि दो कुनबों का गठबंधन हुआ है, लेकिन हमने तो युवाओं के साथ गठबन्धन किया है। अब वह युवाओं के गठबन्धन से बेहद घबरा गए हैं। उनको तो अपनी कुर्सी खिसकती नजर आ रही है। सपा अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि अच्छे दिन वालों ने सबको लाइन में खड़ा कर दिया।

उन्होंने कहा कि कुछ लोग सिर्फ मन की बात करते हैं। वहीं उन्होंने एक बार फिर प्रधानमंत्री द्वारा स्कैम शब्द की परिभाषा में बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती का नाम लेने पर तंज कसा और कहा कि पीएम ने बुआ जी का नाम क्यों लिया।

अखिलेश ने 108-102 एम्बुलेस का जिक्र करते हुए कहा कि इस पर जनता को भरोसा है। उन्होंने कहा कि वहीं हमारी अगली सरकार बनने पर हम मुसलमान और नौजवानों के लिए काम करेंगे। अखिलेश ने कहा कि हमनें इस जनपद से दो नगर पंचायत घोषित की हैं। हमारी सरकार इन दोनों नगर पंचायतों में पैसा देने में कोई कमी नहीं छोड़ेगी।

उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि लोग हमारी सरकार में पांच मुख्यमंत्रियों के आरोप लगाते थे, लेकिन आज मैदान में कितने सीएम पद के प्रत्याशी हैं, आप लोग स्वयं समझ लें। अखिलेश ने प्रदेश सरकार में विभिन्न विकास कार्यों का जिक्र किया और कहा कि अब मैं राजनीति के टेड़े मेढे़ रास्तों पर भी चलना सीख गया हूं। अगर अब मौका मिलता है तो और काम करूंगा।

इसके बाद अखिलेश यादव ने रामपुर के स्वार में पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म खां के बेटे अब्दुल्ला आज़म के पक्ष में जनसभा को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह से नेता जी और आजम खां का रिश्ता रहा है, उसी तरह हम इस रिश्ते को आगे बढ़ाएंगे।

अखिलेश ने कहा कि हम और अब्दुल्ला एक साइकिल के दो पहिये हैं। उन्होंने कहा कि स्वार विधानसभा सीट हम गोद ले रहे हैं। इस विधानसभा क्षेत्र के विकास की जिम्मेदारी हमारी है। अखिलेश ने जनता से अब्दुल्ला आज़म को जिताने की अपील की और कहा कि जनता सपा और कांग्रेस के गठअन्धन को वोट दे। हमारी अगली सरकार अपने घोषणापत्र में किए वादों को पहले की तरह पूरा करेगी।

उन्होंने कहा कि तीन साल से भाजपा मन की बात कर रही है। जमीन पर काम, खुशहाली की बात कब होगी, हम जानना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जो बातें हमनें कहीं हैं, उन बातों को हम जमीन पर उतारेंगे। स्कूल में कपड़े, बैग, बर्तन, फल के बाद अब मिल्क पॉउडर, एक किलो घी देंगे, ताकि स्वास्थ्य अच्छा रहे।

अखिलेश ने कहा कि इसके अलावा हम गरीब को राशन बांटने के पुख्ता इंतजाम करेंगे और पेंशन से जो छूटे हैं, उन्हें इस बार जोड़ लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नोटबन्दी से खराब हुई अर्थव्यवस्था के परिणाम आज नहीं, आने वाले समय में दिखाई पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि दूसरे चरण के चुनाव में भी समाजवादी पार्टी सबसे आगे दिखाई देगी।

इस दौरान आज़म खां ने रामपुर के नवाब खानदान पर भी हमला बोला। वहीं उन्होंने कहा कि अखिलेश की सरकार मोहब्बत की सरकार है, ये सरकार सबके लिए है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि मोदीजी गरीबों के प्याले में चवन्नी डालते हैं और तीन रुपए उठा लेते हैं। उन्होंने कहा कि मकान, शिक्षा, अस्पताल, नौकरियां हमारी प्राथमिकता हैं।

उन्होंने कहा कि बसपा ओर भाजपा आपस में मिले हुए हैं। वहीं उन्होंने जनता से घर वापसी-लव जेहाद के नाम पर नफरत फैलाने वालों को जवाब देने की अपील की। इसके साथ ही सपा अध्यक्ष ने बरेली में भोजीपुरा, बहेड़ी एवं कांग्रेस सपा गठबंधन की मीरगंज सीट के प्रचार के लिए संयुक्त सभा देवरनिया में की।

उन्होंने जनता से अपने पांच साल में किए गए विकास कार्य और जनउपयोगी योजनाओ को ध्यान में रखते हुए मतदान करने की अपील की। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा कि मन की बात तो सब करते है लेकिन काम की बात कोई नहीं करता हैं।

सपा सरकार ने आजादी के बाद से अधिक पुलिस विभाग को गाड़िया दी साथ ही पीएम मोदी ने अच्छे दिन आएंगे कहकर वोट मांगा और उन्हें मौका मिला तो जनता को लाइन में लगवा दिया, कहा की कोई भी धन काला गोरा नहीं होता हैं। हां लेन देन काला गोरा हो सकता हैं। केंद्र ने राज्य के विकास के लिए कोई काम नहीं किया। राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से ही यहां एक्सप्रेस वे और फोरलेन सड़कें बनाकर प्रदेश का विकास किया है।

समाजवादी पेंशन और लैपटॉप बांटे हैं। उन्होंने कहा कि सपा कांग्रेस गठबंधन की खिल्ली उड़ाकर प्रधानमंत्री इसे कभी स्कैम तो कभी दो कुनबों का मिलन बता रहे हैं। लेकिन यह गठबंधन देश की राजनीति को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि यह दो नए नेताओं का गठबंधन है। उन्होंने कहा कि बड़े दिल के लोग ही दोस्ती करते हैं। समाजवादियों का दिल हमेशा बड़ा रहा है।

बसपा से लोगों को सतर्क करते हुए उन्होंने कहा कि मायावती भाजपा के साथ रक्षाबंधन मनाती रही हैं। भाजपा के साथ मिलकर तीन बार सरकार बनाई थी। लोकसभा चुनाव में अपना दलित वोट भी भाजपा को ट्रांसफर कर दिया था। पिछली सरकार में उनके द्वारा बनाये गए हाथी आज भी पार्को में हैं। जो हाथी खड़ा है वो खड़ा ही हैं और जो बैठा है वो आज भी बैठा है खड़ा नहीं हो पाया है।

उन्होंने लोगों को भरोसा दिया कि राज्य में अगली सरकार सपा कांग्रेस गठबंधन की बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर समाजवादी पेंशन को बढ़ाकर एक हजार रूपये किया जाएगा। स्कूली बच्चों को हर महीने एक किलो घी और मिल्क पाउडर दिया जाएगा।

समाजवादी स्मार्टफोन भी बांटे जाएंगे। पुलिस की भर्तियों को इतना सरल किया जाएगा कि जो दौड़कर दिखाएगा उसे भर्ती कर लेंगे। इसलिए बरेली की सभी विधानसभा पर सपा को मतदान करे।