Home Breaking ‘दिल्ली के दामाद’ की जेब भर रहे थे भूपेन्द्र हुड्डा: अमित शाह

‘दिल्ली के दामाद’ की जेब भर रहे थे भूपेन्द्र हुड्डा: अमित शाह

0
‘दिल्ली के दामाद’ की जेब भर रहे थे भूपेन्द्र हुड्डा: अमित शाह
amit shah targets bhupinder singh hooda, indirectly accuses him of helping robert vadra
amit shah targets bhupinder singh hooda, indirectly accuses him of helping robert vadra
amit shah targets bhupinder singh hooda, indirectly accuses him of helping robert vadra

चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने ‘दिल्ली के दामाद’ की सेवा के लिए गरीबों को लूटने का काम किया।

सरकारी एजेन्सियों द्वारा शुरू की गई जांच को ‘बदले की राजनीति’ बताने पर हुड्डा पर बरसते हुए उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेता बौखला गए हैं क्योंकि भाजपा सरकार ने इस बात का पर्दाफाश कर दिया है कि उनके शासन के दौरान किसानों को कैसे लूटा गया और उनका पैसा ‘दिल्ली दरबार’ को भेंट किया गया।

शाह रविवार को जींद में ‘गौरव रैली’ को सम्बोधित कर रहे थे। शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पारदर्शी और भ्रष्टाचार-मुक्त सरकार दी है। उन्होंने कहा कि पूर्व के मुख्यमंत्री अपने क्षेत्र और समर्थकों के हितों का ध्यान रखते थे।

हरियाणा ने तीन लालों- भजन लाल, बंसी लाल, देवी लाल और हुड्डा को देखा है। हुड्डा ने ‘दिल्ली के दामाद’ की सेवा के लिए हरियाणा के गरीब लोगों को लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उनका दायरा अपने परिवार, जाति, गांव और सम्बंधियों तक सीमित था लेकिन मनोहर सरकार सबके लिए है।

शाह ने कहा कि अब जब फाइलें खोली जा रही हैं तो हुड्डा इसे बदले की राजनीति कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा के मुख्यमंत्री और उनके मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के मामले में कोई उंगली नहीं उठा सकता। उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा कि ‘यह वही हरियाणा है, जहां लोग भर्ती घोटाले में सलाखों के पीछे हैं।’

लेकिन हरियाणा में मनोहर सरकार ने पारदर्शी तरीके से भर्ती की है। यह सरकार किसी जाति या समुदाय विशेष के लिए न होकर सबके लिए है। उन्होंने जनता को आश्वासन दिया कि भाजपा सरकार सबके साथ न्याय करेगी और जाति या समुदाय पर ध्यान दिए बिना सभी के हितों की रक्षा सुनिश्चित करेगी।

शाह ने विपक्ष के लोगों को चुनौती देते हुए कहा कि पिछले लगभग 28 महीनों के केन्द्र सरकार के कार्यकाल तथा हरियाणा में पिछले 22 महीनों के कार्यकाल के दौरान प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या मंत्री पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा जबकि केन्द्र में पिछली यूपीए के दस वर्ष के कार्यकाल के दौरान हुए 12 लाख करोड़ रुपये के घोटाले व घपले सामने आ रहे है।

रैली को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को जिस अपेक्षा व आकांक्षा के साथ चुना गया है, उस पर सरकार खरा उतरेगी। हम प्रदेश को जातियों, वर्गों व क्षेत्रवाद में बांटने वाले लोगों के इरादे कभी पूरे नहीं होने देंगे। चाहे वह प्रदेश के अन्दर के लोग हों या पड़ोसी राज्यों के। हरियाणा के लोगों को आपस में भिड़ाने नहीं देंगे।

मुख्यमंत्री ने जींद जिले के बधाना गांव में शहीद कैप्टन पवन कुमार के नाम फल एवं सब्जी उत्कृष्टता केन्द्र खोलने की घोषणा भी की। केन्द्रीय इस्पात मंत्री बीरेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री का छोटा सा वाक्य ‘न खाऊंगा न खाने दूंगा’ से वे प्रभावित हुए जिसका अर्थ भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष करना है। केन्द्र व हरियाणा सरकार इस कड़ी में आगे बढ़ रही हैं।

केन्द्रीय सडक़ परिवहन मंत्री नीतिन गडकरी ने कहा कि केन्द्र सरकार व राज्य सरकार एक रेलगाड़ी के दो पहिये के समान होती हैं और इनमें संतुलन बनाए रखना जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की ओर से हरियाणा को किसी भी प्रकार की कमी महसूस नहीं होने दी जाएगी।

भाजपा प्रभारी डॉ अनिल जैन, सांसद धर्मबीर, परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी, खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री कर्णदेव कंबोज, मुख्य संसदीय सचिव बक्शीश सिंह विर्क तथा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की चेयरपर्सन सुनीता दुग्गल ने भी जनसभा को सम्बोधित किया। उचाना की विधायक प्रेमलता, भाजपा जिला प्रधान अमरपाल राणा ने रैली में उपस्थित सभी नेताओं व लोगों का धन्यवाद किया।