Home Headlines विधानसभा चुनाव को लेकर शिवपाल यादव से मिले अमर सिंह

विधानसभा चुनाव को लेकर शिवपाल यादव से मिले अमर सिंह

0
विधानसभा चुनाव को लेकर शिवपाल यादव से मिले अमर सिंह
up Assembly elections : amar singh meets Shivpal Yadav
up Assembly elections : amar singh meets Shivpal Yadav
up Assembly elections : amar singh meets Shivpal Yadav

लखनऊ। सूबे में विधानसभा चुनाव-2017 की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद अमर सिंह ने शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव से मिलने उनके घर पहुंचे।

अमर सिंह सपा संसदीय बोर्ड के सदस्य भी हैं और पार्टी विधानसभा चुनाव के लिए कई सीटों पर प्रत्याशियों के चयन को लेकर मंथन कर रही है। माना जा रहा है कि अमर सिंह इन्हीं मुद्दों को लेकर शिवपाल से मिलने आए थे।

खुद उन्होंने भी मुलाकात के बाद कहा कि मैं पार्टी का महासचिव हूं और शिवपाल प्रदेश अध्यक्ष हैं। इसीलिए मैं उनसे मिलने आया था।

अमर सिंह की शिवपाल से मुलाकात को विधानसभा चुनाव में दूसरें दलों के साथ पार्टी के गठबन्धन की सम्भावनाओं से भी जोड़कर देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जहां कांग्रेस से गठबन्धन के पक्ष में लगातार बयान दे रहे हैं।

वहीं शिवपाल भी समाजवादी विचारधारा के लोगों को एक साथ लाने के पक्ष में हैं। हालांकि गठबन्धन को लेकर पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव पहले ही साफ इन्कार कर चुके हैं।

वह गठबन्धन के बजाय दूसरे दलों का सपा में विलय पर जोर दे रहे हैं, लेकिन फिर भी कांग्रेस और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के सपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की चर्चाएं जोरों पर हैं।

कहा जा रहा है कि सपा को 303, कांग्रेस को 78 और रालोद को 22 सीटें देने का फार्मूला तैयार किया गया है। इसके अलावा, बहुमत आने पर अखिलेश यादव जहां मुख्यमंत्री होंगे, वहीं उपमुख्यमंत्री पद कांग्रेस के हिस्से में जाएगा। हालांकि कांग्रेस की ओर से 150 सीटें मांगने की भी चर्चा है।

वहीं रालोद की ओर से अभी तक गठबन्धन के लिए बातचीत नहीं होने की बात कही जा रही है। इन सबके बीच सपा नेता इस बारे में फिलहाल कुछ भी स्पष्ट नहीं कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को एक बार फिर गठबन्धन पर सपा मुखिया द्वारा ही अन्तिम निर्णय लिए जाने की बात कही। इससे माना जा रहा है कि गठबन्धन की काफी प्रबल उम्मीदें हैं।