Home Latest news इतनी विचार शून्य नहीं थी भाजपा, गोष्ठी वाजपेयी की और चर्चा कांग्रेस की

इतनी विचार शून्य नहीं थी भाजपा, गोष्ठी वाजपेयी की और चर्चा कांग्रेस की

0
इतनी विचार शून्य नहीं थी भाजपा, गोष्ठी वाजपेयी की और  चर्चा कांग्रेस की
bjp office bearer and workers in conference
bjp office bearer and workers in conference
bjp office bearer and workers in conference

सबगुरु न्यूज-सिरोही। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपयी के जन्मदिन पर भाजपा सिरोही मंडल की ओर से आयोजित विचार गोष्ठी गोष्ठी कम मंडल की बैठक ज्यादा नजर आई।

इसमें जो विचार सामने आए उसे सुनकर यही लगा कि सिर्फ अपने बौद्धिक और विचार गोष्ठियों से कभी पार्टी विथ डिफरेंस के रूप में बुद्धिजीवियों में पेठ जमाने वाली भाजपा में विचारों को लकर इतनी शून्यता भी आ सकती हैं कि विचार गोष्ठी और मंडल की बैठकों के बीच का अंतर भी समझ नहीं पा रहे थे।

जब विचार गोष्ठी में आए विचारों को सुना तो लगा कि वाकई अटल बिहारी वाजपयी  जैसे करिश्माई व्यक्ति के लिए बोलने को पार्टी के पदाधिकारियों के पास आधा घंटे का वक्तव्य नहीं था।

अटल बिहारी वाजपयी पर आयोजित इस विचार गोष्ठी में पूर्व प्रधानमंत्री से ज्यादा तो कांग्रेस और कांग्रेस के स्थानीय नेता संयम लोढा और पार्टी पार्षदों पर गोष्ठी हुई। जो गोष्ठी कम भाजपा नगर मंडल की बैठक ज्यादा प्रतीत हो रही थी।

गोष्ठी की शुरूआत सिरेही मंडल अध्यक्ष सुरेश सगरवंशी ने की। शुरू में गोष्ठी का मंतव्य बताने के बाद वह गोष्ठी के मूल विषय से भटक कर शिकायत की मुद्रा में आ गए। भाजपा के पार्षद क्या कर रहे हैं, वह किस तरह से बर्ताव कर रहे हैं, उनका मंडल की बैठकों के प्रति क्या रवैया रहता है, यह उनका मूल वक्तव्य हो गया।

इसके बाद जब सोशल मीडिया के संयोजक हरीश दवे बोले। अपने वक्त्व्य की शुरूआत उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री वाजपयी से की बाद में गोष्ठी को उन्होंने भी नगर मंडल की बैठक बना दिया और स्थानीय कांग्रेस के पूर्व विधायक संयम लोढा को कोसते दिखे।

विचार गोष्ठी में विचार पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपयी पर रखना था और शुरूआती औपचारिक भाषण के बाद वह मंत्री ओटाराम देवासी के कसीदे पढते हुए उन पर विचार रखने लगे।

सभापति ताराराम माली का नम्बर आया तो उन्होंने भी पूर्व प्रधानमंत्री का नाम लेते हुए उनके गुणों को बखान किया  और गोष्ठी को बैठक समझकर वह भी कांग्रेस की धोती धोने और उसे हराने की बात करते हुए बैठक पर आ गए।

एक पत्रकार, एक स्वयंसेवक, एक सांसद, भाजपा को खडा करने का जिम्मा उठाने वाले एक करामाती व्यक्तित्व, एक विदेश मंत्री, एक प्रधानमंत्री, एक कवि के रूप में उनकी अनेकानेक उपलब्धियां थी।

गोपालन मंत्री ओटाराम देवासी ने वाजयपी जी पर जरूर कुछ ज्यादा बोला, लेकिन फिर वह भी वर्तमान सरकार की योजनाएं गिनाते हुए इनके प्रचार-प्रसार करने का आह्वान करने लगे।

जिला प्रमुख पायल परसरामपुरिया, वरिष्ठ नेत्री तारा भंडारी और अशोक पुरोहित ने जरूर एक राजनेता और प्रधानमंत्री के रूप में अटल बिहारी वाजपयी द्वारा किए गए कार्यों का उल्लेख किया। लेकिन, इसके बाद भी अटल बिहारी वाजपयी के व्यक्तित्व के इतने शेड थे जो छुए तक नहीं जा सके।

कहने को यह संगोष्ठी नगर मंडल की थी, लेकिन इसमें मौजूद नगर मंडल के पदाधिकारियों में मंडल अध्यक्ष सुरेश सगरवंशी को छोड दिया जाए तो किसी ने भी पूर्व प्रधानमंत्री वाजपयी  व्यक्तित्व पर एक शब्द नहीं बोला।

दरअसल, भाजपा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपयी के जन्म दिवस पर विचार गोष्ठी का मकसद ब्लॉक स्तर तक युवाओं तक भाजपा की रीति-नीति को पालने वाले एक राष्ट्रधर्म पालक व्यक्ति के व्यक्तित्व से अवगत करवाना रहा होगा, ताकि उन्हें इनके जीवन से यह सीख मिल सके कि आज जो पार्टी एक वटवृक्ष बन चुकी है, उसे सींचने और खडा करने में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपयी और इनकी तरह के अनेकानेक लोगों की संघर्ष की गाथा छिपी है।

इसी संघर्ष की संस्कृति के लिए लालकृष्ण आडवाणी ने इस पार्टी को पार्टी विथ डिफरेंस कहा था। लेकिन, मंडल की बैठक में मौजूद भाजयुमो के युवा कार्यकर्ता इन बलिदानों की प्रेरणा की बजाय कांग्रेस और संयम लोढा से संघर्ष, विधायक ओटाराम देवासी को यशोगान और वर्तमान सरकार के कामों का महिमामंडन सुनकर निकले।

otaram devasi adderessing conference in sirohi
otaram devasi adderessing conference in sirohi

-भाजपा सोशल मीडिया प्रकोष्ठ के जिला संयोजक की कलम से विचार गोष्ठी

भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के 92 वें जन्म दिवस को भाजपा नगर मण्ड़ल के तत्वावधान में राष्ट्रीय सुशासन दिवस के के रूप में मनाते हुए विचार गोष्ठी का अयोजन किया गया।

भाजपा सोशल मीडिया के जिला संयोजक हरीश दवे ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि दोपहर साढे तीन बजे आयोजित विचार संगोष्ठी में मुख्य अतिथि गोपालन राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल जी के शासन काल में देश के आधारभूत ढांचे में अनेकानेक परिवर्तन के साथ संचार क्रांन्ति की शुरूआत हुई राष्ट्रीय राजमार्ग चर्तुदषी योजना, नदियों को जोडने की योजना समेत अनेक क्रान्तिकारी विकास हुए।

उनका पूरा जीवन राष्ट्र को समर्पित रहा तथा उनके अधूरे कार्यो को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पूरा कर रहे हैं व कार्यकर्ताओं को भी उनके जीवन से प्रेरणा लेकर देश सेवा में जुटना होगा।

जिला प्रमुख पायल परसरामपुरिया ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपयी ओजस्वी वक्ता प्रखर पत्रकार मूल्य निष्ठ राजनीति का धनी भारत माता का ऐसा सपूत बताया, जिन्होंने देश की सेवा में सब कुछ त्यागकर संसद व संसद से बाहर हर मोर्चे पर संघर्ष किया।

सत्ता को साधन माना न की साध्य तथा अन्तिम छोर पर बैठे समाज के अन्तिम व्यक्ति के कल्याण में योजनाएं चलाई। चाहे वो संसद में नेता प्रतिपक्ष रहे हो या देश के प्रधानमंत्री स्वप्न दृष्टा व युग निर्माता के रूप में उन्होंने भारत को कुशल नेतृत्व दिया। पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष तारा भंडारी ने उनके जीवन पर सविस्तार रोशनी डालते हुए उनके दीर्घायु होने की कामना की। जिन्होंने पोकरण में परमाणु विस्फोट कर भारत को महाशक्ति बनाया।

सभापति ताराराम माली, सोशल मीड़िया के हरीश दवे व मण्ड़ल अध्यक्ष सुरेश सगरवंषी तथा जिला उपाध्यक्ष अशोक पुरोहित ने भी विचार संगोष्ठी में अटल जी के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र व पार्टी की सेवा उनके आदर्श व स्वप्नों को पूरा करने का संकल्प दोहराया।

भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे की भाजपा सरकार की उपलब्धियों व सुशासन से जन-जन को लाभान्वित करवा मुठ्ठी भर कांग्रेसियों की बौखलाहट में अनर्गल बयानबाजी व उनके कुशासन को जड-मूल से उखाडने का आहवान किया। संगोष्ठी के समापन पर मण्ड़ल अध्यक्ष सुरेश सगरवंशी व महामंत्री महिपालसिंह चारण ने समस्त कार्यकर्ताओं को आभार जताया।

इस अवसर पर राज्य पशुधन कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष भूपेन्द्र देवासी, जिला महामंत्री सुनिल व्यास, भाजयुमों जिलाध्यक्ष हेमन्त पुरोहित, जिलामंत्री विजय गोठवाल, महिला मोर्चा की महामंत्री महालक्ष्मी झा, पशुधन कल्याण बोर्ड के सदस्य नारायण देवासी, रामकिशोर कंसारा, माणक सोनी, इमरान खांन, चिराग रावल व भाजपा मीडिया प्रकोष्ठ के संयोजक रोहित खत्री समेत नगर मण्ड़ल व युवा मोर्चा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।