Home Headlines आधी आबादी के लिए भाजपा और सपा दोनों के घोषणापत्र में बड़े दावे

आधी आबादी के लिए भाजपा और सपा दोनों के घोषणापत्र में बड़े दावे

0
आधी आबादी के लिए भाजपा और सपा दोनों के घोषणापत्र में बड़े दावे

manjh

लखनऊ। विधानसभा चुनाव को लेकर जारी घोषणा पत्र में समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी दोनों ही ने आध आबादी के उत्थान और उनकी सुरक्षा को लेकर बेहतर व्यवस्था का दावा किया है।

इसमें अगर भाजपा की बात करें तो पार्टी ने प्रदेश के हर गरीब परिवार में बेटी के जन्म पर 50 हजार का विकास बॉण्ड देने की वादा किया है। इसके अलावा बेटी के कक्षा छह में पहुंचने पर तीन हजार, कक्षा आठ में पहुंचने पर पांच हजार, कक्षा दस में पहुंचने पर सात हजार और कक्षा बारह में पहुंचने पर आठ हजार देने का भी वादा है।

इसके साथ ही बेटी के 21 वर्ष की होने पर दो लाख रूपए दिए जाएंगे। जबकि सपा ने कक्षा 9 से 12 तक पढ़ने वाली छात्राओं को निःशुल्क साइकिल उपलब्ध कराने का वादा किया है।

इसके अलावा पार्टी ने अनाथ कन्याओं, विकलांगों और पति की मौत के बाद निराश्रित महिलाओं से विवाद करने पर दो लाख रूपए की प्रोत्साहन धनराशि एवं निःशुल्क आवास की सुविधा देने की बात कही है। भाजपा ने कन्याओं की शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओं योजना को पूरे प्रदेश में लागू करने की बात कही है।

इसके अलावा गरीब परिवार में बेटी के जन्म लेने पर पांच हजार एक रूपए गरीब कल्याण बोर्ड के माध्यम से बेटी की मां को देने का वादा किया है। जबकि सपा ने निर्धन छात्राओं के की उच्च शिक्षा के लिए स्कॉलरशिप प्रदान करने और मुफ्त एम्बुलेंस 102 को बढ़ाने की बात कही है।

भाजपा ने तीन नई महिला पुलिस बटालियनों अवंती बाई, झलकारी बाई और ऊदा देवी बटालियन की स्थापना की बात कही है। इसके अलावा महिला उत्पीड़न के मामलों के लिए 1000 महिला अफसरों का विशेष जांच विभाग और 100 फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित करने को कहा है।

इसके साथ ही प्रत्येक पुलिस थाने में पर्याप्त महिला पुलिसकर्मियों की संख्या सुनिश्चित करने और हर जिले में तीन महिला पुलिस स्टेशन स्थापित करने की बात कही है। जबकि सपा ने सभी जनपदों में महिला थानों की स्थापना का भरोसा दिया है।

भाजपा ने हर कॉलेज क नजदीकी पुलिस थाने में छात्राओं के साथ छेड़खानी रोकने के लिए एण्टी रोमियो दल बनाने की बात कही है, तो सपा ने महिलाओं की आत्मरक्षा के लिए प्रत्येक जिले में सुरक्षा प्रशिक्षण केन्द्र, 1090 वुमेन पावर लाईन तथा रानी लक्ष्मीबाई अवार्ड योजना को बढ़ाने जैसे कदम उठाने का भरोसा दिलाया गया है।

भाजपा ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करने वाली आंगनबाड़ी कर्मी और आशा बहुओं के मानदेय में इजाफा करने का वादा किया है। तो सपा ने हौसला पोषण मिशन की व्यवस्था चालू रखने की बात कही है।

इसके अलावा भाजपा ने शहरी झुग्गी झोपड़ियों में रहने वाली महिलाओं और ग्रामीण महिलाओं के लिए पर्याप्त मात्रा में सार्वजनिक शौचालयों की स्थापना करने की बात कही है तो सपा ने ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क सेनिटरी नैपकिन पीएचसी, सीएचसी के माध्यम से वितरित करने का वादा किया है।

इसके अलावा पार्टी ने रोडवेज बसों में यात्रा करने पर आधे किराये पर छूट का भरोसा दिलाया है। इसके अलावा महिला उत्पीड़न एवं दुष्कर्मों के मामलों को जल्द निस्तारित करने के लिए प्रत्येक जिले में फास्ट ट्रैक कोर्ट की स्थापना का वादा किया है।