Home Headlines यूपी में पूर्ण बहुमत ही नहीं, 300 पार करेगी भाजपा : केशव मौर्य

यूपी में पूर्ण बहुमत ही नहीं, 300 पार करेगी भाजपा : केशव मौर्य

0
यूपी में पूर्ण बहुमत ही नहीं, 300 पार करेगी भाजपा : केशव मौर्य

BJP will win Absolute majority in UP : Keshav Prasad Maurya

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत नहीं बल्कि 300 पार करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश व देश के विकास के लिए 2017 के चुनाव में 2014 दोहराने की आवश्यकता है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सपा व बसपा प्रदेश का भला नहीं कर सकती। कांग्रेस का वजूद खत्म हो गया है।

इसलिए सूबे से भ्रष्टाचार व गुण्डाराज को खत्म करना है तो भाजपा की सरकार बनानी पड़ेगी। प्रदेश सरकार केन्द्र से भेजी गई धनराशि खर्च नहीं कर पा रही है।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा गरीबों की लड़ाई लड़ती है। माताओं ,बहनों के सम्मान की लड़ाई भी भाजपा ही लड़ती है। भाजपा विकास की पक्षधर है। सपा ने गरीबों को लूटने का काम किया है।

लखनऊ के महापौर व पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लोकसभा की पुनरावृत्ति दिखाई दे रही है।

उन्होंने कहा कि जहां सत्ता पक्ष परिवार के झगड़े में व्यस्त है। वहीं भाजपा कार्यकर्ता उत्तर प्रदेश को बचाने में लगे हैं।

कांग्रेस में कारपोरेट कल्चर हावी, नेताओं के साथ कर्मियों जैसा सलूक: रीता जोशी

भाजपा में शामिल होने के बाद बुधवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने डा. रीता बहुगुणा जोशी का जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए डा रीता जोशी ने कहा कि कांग्रेस में कारपोरेट कल्चर हावी हो गई है। कांग्रेस में नेताओं और कार्यकर्ताओं से कर्मचारियों जैसा व्यवहार होता है।

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस समाप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि किसी भी पार्टी में 24 साल गुजारने के बाद पार्टी छोड़ना आसान नहीं होता है, लेकिन कांग्रेस का कोई वजूद नहीं रह गया है। कांग्रेस से अब जबरदस्त पलायन होगा और भारी संख्या में लोग कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होंगे।

रीता जोशी ने कहा कि हेमवती नंदन बहुगुणा की बेटी होने के नाते निःस्वार्थ भाव से समाज की सेवा के लिए राजनीति में आई थी। कांग्रेस में मैं न तो किसी लाभ के लिए गयी थी और न ही भाजपा में लाभ के लिए आई हूं।

उन्होंने कहा कि हमें लगता था कि कांग्रेस राष्ट्रीय पार्टी है और गरीबों के लिए कुछ कर सकती है लेकिन अब कांग्रेस में कारपोरेट कल्चर हावी हो गया है। नेतृत्व से संवादहीनता की स्थिति है। प्रदेश का केन्द्र से और नेताओं का जनता से पूरी तरह संवादहीनता की स्थिति है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। भाजपा को हम अपनी पूरी ऊर्जा लगाकर 2017 के विधानसभा चुनाव में जीत दिलाने का काम करूंगी।

रीता जोशी के स्वागत समारोह में मंच पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य, असम के प्रभारी महेन्द्र सिंह,प्रदेश महामंत्री राम नरेश रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष गोपाल टण्डन और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष स्वाती सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित थी।