Home Chhattisgarh रायपुर निगम सभापति पद पर भाजपा का कब्जा

रायपुर निगम सभापति पद पर भाजपा का कब्जा

0
रायपुर निगम सभापति पद पर भाजपा का कब्जा

रायपुर। रायपुर नगर निगम में सभापति पद पर भाजपा ने कब्जा कर लिया है। भाजपा उम्मीदवार प्रफुल्ल विश्वकर्मा ने सभापति चुनाव में 40 वोट लेकर जीत हासिल की। वहीं कांग्रेस के उम्मीदवार नागभूषण राव को 29 वोट मिलें।

गौरतलब हैं कि नगर-निगम चुनाव के परिणाम आने के बाद से ही प्रमुख राजनीतिक पार्टी भाजपा और कांग्रेस ने सभापति पद पर कब्जा करने के लिए जुटे हुए थे। नगर निगम में भाजपा के 37 पार्षद है, जबकि कांग्रेस के 27 पार्षद है, वहीं 5 निर्दलीय पार्षद हैं। नगर निगम में सभापति बनाने के लिए दोनों ही दलों को 36 मत जुटाने थे।

हालांकि बहुमत के आधार पर भाजपा के सभापति पद के प्रत्याशी प्रफुल्ल विश्वकर्मा की जीत पहले से ही तय हो गई थी। लेकिन दोनों ही दलों को क्रास वोटिंग का डर अंतिम समय तक डराता रहा। कड़ी सुरक्षा के बीच नगर निगम मुख्यालय कार्यालय में कलेक्टर ठाकुर राम सिंह की उपस्थिति में सभापति पद के लिए पार्षदों ने मतदान किया।

कांग्रेस के प्रत्याशी नागभूषण राव और कांग्रेसी पार्षदों ने जोरदार मेहनत की थी और निर्दलियों को अपने पक्ष में मतदान करने के लिए काफी प्रयास किया। अंतत: मतदान के बाद जब मतों की गिनती हुई तो भाजपा के उम्मीदवार प्रफुल्ल विश्वकर्मा के खाते में 40 वोट मिले, वहीं कांग्रेस के नागभूषण राव को अपने कांग्रेसी पार्षदों के पूरे 28 वोट के साथ निर्दलीय पार्षदों के मात्र 1 वोट ही मिल पाया।

मतदान परिणाम से स्पष्ट हो गया कि 5 निर्दलीय पार्षदों में से 3 ने भाजपा के पक्ष में मतदान किया। वहीं एक मत को अवैध घोषित किया गया। कलेक्टर ठाकुर राम सिंग ने जैसे ही चुनाव परिणाम की घोषणा की भाजपा खेमा में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी पार्षदों ने नये सभापति प्रफुल्ल विश्वकर्मा को अपनी बधाई और शुभकामनाएं दी।