Home World Europe/America पुराने मंत्रियों को हटाने के साथ थेरेसा ने शुरू किया काम

पुराने मंत्रियों को हटाने के साथ थेरेसा ने शुरू किया काम

0
पुराने मंत्रियों को हटाने के साथ थेरेसा ने शुरू किया काम
Britain's new prime minister Theresa may shakes up government with new look cabinet
Britain's new prime minister Theresa
Britain’s new prime minister Theresa may shakes up government with new look cabinet

लंदन। ब्रिटेन की नई प्रधानमंत्री थेरेसा मे ने पुरानी सरकार के कई मंत्रियों को हटाने के साथ अपने कामकाज की शुरुआत की और यूरोपीय संघ छोड़ने के अभियान के अगुवा बोरिश जॉनसन को विदेश मंत्री नियुक्त किया। बदजुबान कहे जाने वाले जॉनसन की नियुक्ति ब्रिटेन और अन्‍य देशों में आश्‍चर्य जताया जा रहा है।

यूरोपीय संघ से ब्रिटेन के बाहर निकलने के फैसले की पृष्ठिभूमि में इसकी वकालत करने वाले जॉनसन को विदेश मंत्री का महत्वपूर्ण पद दिया गया है। लंदन के पूर्व मेयर जॉनसन का विदेश मंत्री बनना भारत और पूरे राष्ट्रमंडल के लिए अच्छी खबर होनी चाहिए।

जॉनसन ने विदेश मंत्री बनने के बाद अपने पहले बयान में कहा कि हमें ब्रिटेन के वैश्विक रूतबे और एक वैश्विक ताकत के तौर पर अपनी पहचान को नया रूप देने की जरूरत है। उन्होंने पहले भारत और ब्रिटेन के बीच अधिक उड़ानों के संचालन की पैरवी की थी।

उनके अब तक के रिकॉर्ड को देखते हुए भारत काफी आशावान हो सकता है। थेरेसा मे ने अपने मंत्रिमंडल में भारतीय मूल की मंत्री प्रीति पटेल को पदोन्नति देकर अंतरराष्ट्रीय विकास राज्य मंत्री बनाया है। पहले वह रोजगार मंत्रालय में जिम्मेदारी संभाल रही थीं। गुजराती मूल की प्रीति ‘लीव’ अभियान में जॉनसन के साथ खड़ी थीं।

डाउनिंग स्ट्रीट में अपनी पहली रात 59 वर्षीय थेरेसा शायद ही ठीक से सो पाई होंगी, क्योंकि कैबिनेट के मुख्य पदों पर नियुक्तियों की घोषणा के बाद से जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल, फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांसवा ओलांद और आयरलैंड के प्रधानमंत्री एंडा केनी सहित अन्य यूरोपीय नेताओं के फोन आने लगे।

डाउनिंग स्ट्रीट के प्रवक्ता ने कहा कि सभी फोन संवादों में प्रधानमंत्री ने यूरोपीय संघ से बाहर जाने संबंधी ब्रिटिश जनता की इच्छा को पूरा करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहरायी। प्रधानमंत्री ने कहा कि बातचीत की तैयारियां करने के लिए कुछ वक्त लगेगा और आशा जताई कि यह सबकुछ रचनात्मक और सकारात्मक भावना के साथ पूरा होगा।

थेरेसा ने आज सबसे पहले जिन लोगों को पद से हटाया उनमें प्रधानमंत्री पद के लिए उन्हें चुनौती देने वाले न्याय मंत्री माइक गोव शामिल हैं। उनका स्थान पूर्व पर्यावरण मंत्री लिज ट्रस को दिया गया है। गोव के अलावा शिक्षा मंत्री निकी मोर्गन, संस्कृति मंत्री जॉन विटिंगडेल और कैबिनेट मामलों के मंत्री ओलिवर लेटविन शामिल हैं। इन सभी को महत्वपूर्ण पदों से हटा दिया गया है।

सरकार में नई राह तैयार करने का स्पष्ट संकेत देते हुए थेरेसा ने कल शाम डाउनिंग स्ट्रीट पहुंचने के कुछ ही मिनट के भीतर जॉर्ज ऑसबॉर्न के स्थान पर फिलिप हैमंड को ब्रिटेन का चांसलर नियुक्त किया। पूर्व उर्जा और जलवायु परिवर्तन मंत्री अंबर रड को थेरेसा की कैबिनेट में पदोन्नत कर गृहमंत्री बना दिया गया है।

कैमरन सरकार में थेरेसा स्वयं गृहमंत्री थीं। यूरोपीय संघ से ब्रिटेन के बाहर आने संबंधी नए विभाग का मंत्री यूरोपीय संघ के विरूद्ध बोलने वाले डेविड डेविस को बनाया गया है। लोग इन्हें ‘ब्रैक्जिट मंत्री’ भी कह रहे हैं।

प्रधानमंत्री के रूप में अपने पहले बयान में थेरेसा ने कहा कि हम अपने देश के इतिहास के महत्वपूर्ण पल में जी रहे हैं। जनमत संग्रह के बाद हमारे सामने यह राष्ट्रीय बदलाव का महत्वपूर्ण समय है। मुझे पता है कि हम ग्रेट ब्रिटेन हैं और हम चुनौती से निपट लेंगे।

अपने सामने मौजूद सबसे बड़ी चुनौती को स्वीकार करते हुए थेरेसा ने कहा कि यूरोपीय संघ छोड़ने के बाद हम दुनिया में अपने लिए नई, महत्वपूर्ण और सकारात्मक भूमिका तैयार करेंगे और ब्रिटेन को एक ऐसा देश बनाएंगे जो महज कुछ लोगों के लाभ के लिए नहीं, बल्कि हम सभी के लिए काम करे।