Home Breaking जो कहा सो किया, बेदाग छवि भाजपा सरकार की उपलब्धि : रघुवरदास

जो कहा सो किया, बेदाग छवि भाजपा सरकार की उपलब्धि : रघुवरदास

0
जो कहा सो किया, बेदाग छवि भाजपा सरकार की उपलब्धि : रघुवरदास
raghubar Das chief minister of Jharkhand
raghubar Das chief minister of Jharkhand
raghubar Das chief minister of Jharkhand

रांची। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि भाजपा ने जो कहा सो किया। केन्द्र और राज्य में चुनाव के दौरान भाजपा ने जो घोषणा पत्र जारी किया था, उसमें किये गये वादों को पूरा किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य जनता का विकास है।

उन्होंने कहा कि केन्द्र में 22 महीने से चल रही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार और राज्य में 15 महीने की भाजपा सरकार अब तक बेदाग रही है। यह दोनों सरकारों की उपलब्धि है। केन्द्र के सहयोग से राज्य में कई योजनाएं चलायी जा रही है। मुख्यमंत्री भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक के समापन के मौके पर बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि 24 अप्रैल को जमशेदपुर में पंचायत राज्य प्रतिनिधियों की बैठक का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे। इसी दिन पतरातू में बनने वाले एनटीपीसी के मेगा पावर प्लांट की ऑनलाईन आधारशिला रखेंगे।

मुख्यमंत्री ने राज्य में चलायी जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं का ब्यौरा देते हुए कहा कि योजना बनाओं अभियान के तहत एक लाख 60 हजार योजनाएं आयी, जिनमे से 80 हजार योजनाओं पर काम शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार के विभिन्न मंत्रियों से उन्होंने 100 से अधिक बार मिलकर योजनाएं लायी।

इनमे रेलवे, शिक्षा, स्वास्थ, उर्जा और खनिज से संबंधित योजनाएं शामिल है, जो अगले दो वर्षों में पूरी होंगी। केन्द्रीय उर्जा मंत्री पियूष गोयल ने आश्वासन दिया है कि 2019 तक राज्य के सभी गांवों का विद्युतीकरण कर दिया जायेगा।

केन्द्रीय योजनाओं की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत एक लाख 63 हजार से ज्यादा आवेदन आये। इसके तहत एक हजार 35 करोड़ का ऋृण स्वीकृत किया गया। कमजोर वर्ग को दिये जाने वाले निःशुल्क एलपीजी कनेक्शन के लिए 89 हजार 400 आवेदन आये, जिनमे से 31 हजार 327 को कनेक्शन दिया जा चुका है।

प्रदेश प्रवक्ता अजय मारू ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि इससे पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, रणधीर सिंह और लुईस मरांडी ने मल्टीमीडिया प्रेजेंटेशन के माध्यम से राज्य में चल रही विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। कहा गया कि मंत्री और अधिकारी योजना बनाओं अभियान के तहत गांव-गांव में जाकर योजना बना रहे है।

जन संवाद के माध्यम से प्रत्येक बुधवार को मंत्री जन समस्याओं का निराकरण कर रहे है। 181 टोल फ्री नंबर से मुख्यमंत्री जनता से सीधे संवाद कर रहे है। कर्नाटक के बाद झारखंड दूसरा राज्य है, जिसने कृषि के लिए अलग से बजट प्रस्ताव किया है। प्रेस क्लब भवन, हाईकोर्ट भवन, विधानसभा भवन का निर्माण शुरू किया गया है। खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की गयी है।

कृषि मंत्री रणधीर सिंह ने बताया कि सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 80 हजार तालाबों को चिन्ह्ति कर काम आरंभ किया गया है। इसमें दस गुणा दस से लेकर 30 गुणा 30 आकार के दस फुट गहरे तालाब की खुदाई की जायेगी। पांच एकड़ तक के तालाब की खुदाई कृषि विभाग जेसीबी से करायेगा, जबकि इससे उपर के तालाबों की खुदाई जल संसाधन विभाग करायेगा।

प्रदेश महामंत्री बालमुकुंद सहाय ने तीन वर्षों के दौरान भाजपा की उपलब्धियों की चर्चा की। उन्होंने बताया कि 2013 से धरना-प्रदर्शन कर पार्टी ने शुरूआत की और 2014 के लोकसभा और विधानसभा चुनाव में अच्छी सफलता हासिल की। राज्य के नगर-निगमों में दो मेयर चुने गये। संवाददाता सम्मेलन में प्रवक्ता प्रेम मित्तल, मो. कमाल खान, मीडिया प्रभारी सांवरमल अग्रवाल मौजूद थे।

कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष डा. रवीन्द्र कुमार राय, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, सांसद पीएन सिंह, सांसद बीडी राम सहित बड़ी संख्या में भाजपा विधायक और करीब 350 की संख्या में कार्यसमिति सदस्य तथा अन्य नेता उपस्थित थे।