Home Delhi मनोज तिवारी ने घोषित की दिल्ली भाजपा की नई टीम

मनोज तिवारी ने घोषित की दिल्ली भाजपा की नई टीम

0
मनोज तिवारी ने घोषित की दिल्ली भाजपा की नई टीम
Delhi BJP president Manoj Tiwari announces names in new team
Delhi BJP president Manoj Tiwari announces names in new team
Delhi BJP president Manoj Tiwari announces names in new team

नई दिल्ली। डेढ़ माह पहले भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष का कार्यभार संभालने वाले सांसद मनोज तिवारी ने रविवार को अनुभवी, नौजवान और महिलाओं से मिली जुली अपनी नई टीम की घोषणा की।

तिवारी ने पूर्व अध्यक्ष सतीश उपाध्याय खेमे का पूरी तरह से सफाया कर नये पदाधिकारियों को नियुक्त किया है। नई टीम में जहां कुछ पुराने नामों को दोहराया गया है वहीं जातिगत समीकरणों को भी ध्यान में रखा गया है।

पंजाबी और वैश्य समुदाय के असंतोष को शांत करने की कवायद के तहत कुछ नए नाम जोड़े गए हैं जबकि जाट और गुर्जरों को भी उचित प्रतिनिधित्व दिया गया है।

तिवारी की इस टीम का उद्देश्य इस वर्ष होने वाले पूर्वी, उत्तरी और दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के चुनावों में अच्छा प्रदर्शन कर निगम पर कब्जा बरकरार रखना है।

विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली करारी हार के बाद से ही पार्टी काे निगम चुनावों आम आदमी पार्टी से खतरा दिखाई दे रहा है। दिल्ली में पार्टी की हार के बाद से ही सतीश उपाध्याय को पद से हटाए जाने की अटकलें तेज हो गई थीं।

पार्टी ने दिल्ली में पूर्वांचल वोटबैंक को ध्यान में रखते हुए मनोज तिवारी को मौका दिया और वह पूर्वांचल के साथ ही साथ स्लम बस्तियों में लगातार प्रवास कर झुग्गी झोपड़ियों के मतदाताओं को साधने में जुट गए हैं।

तिवारी द्वारा नियुक्त किए गए आठ उपाध्यक्षों में जय प्रकाश (जेपी), अभय वर्मा और शिखा राय को दोबारा इन पदों पर मौका दिया गया है। इसके अलावा मोहन सिंह बिष्ट, शाजिया इल्मी, कमलजीत सहरावत, राजीव बब्बर और सरदार कुलवंत सिंह बाठ शामिल हैं।

चार महामंत्रियों में कुलजीत सिंह चहल, रविन्द्र गुप्ता, राजेश भाटिया हैं जबकि संगठन महामंत्री के पद पर सिद्धार्थन को दोबारा मौका दिया गया है।

सतीश उपाध्याय की टीम में महासचिव का पदभार संभालने वाले दक्षिणी दिल्ली से सांसद रमेश बिधूड़ी को इसबार मौका नहीं दिया गया है लेकिन उनके भतीजे विक्रम बिधूड़ी का नाम ​शामिल है।

नौ मन्त्री बनाए गए हैं जिनमें विक्रम बिधूड़ी, गजेन्द्र यादव, सतेन्द्र सिंह, शोभा उपाध्याय, प्रीति अग्रवाल, गुंजन नरूला, राजेश लावड़िया, पवन मोंगा और मीनाक्षी शामिल हैं।

प्रवक्ताओं में अमन सिन्हा, हरीश खुराना और अश्वनी उपाध्याय को फिर से मौका दिया गया है। इसके अलावा नूपुर शर्मा, नवीन कुमार और अशोक गोयल को भी प्रवक्ता बनाया गया है।

युवा मोर्चा अध्यक्ष सुनील यादव, महिला मोर्चा अध्यक्ष पूनम पराशर, किसान मोर्चा अध्यक्ष मुकेश मान, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष मोहन लाल गिहारा, पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष विपिन सिंह, ओ.बी.सी. मोर्चा अध्यक्ष गौरव खारी को बनाया गया है।