Home Breaking घोड़ाडोंगरी में बीजेपी की जीत से बढ़ा शिवराज सिंह का कद

घोड़ाडोंगरी में बीजेपी की जीत से बढ़ा शिवराज सिंह का कद

0
घोड़ाडोंगरी में बीजेपी की जीत से बढ़ा शिवराज सिंह का कद

Ghoradongri by poll : BJP's victory extended Shivraj Singh Chouhan statureभोपाल। बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र में हुए उप चुनाव में भाजपा ने इस सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा है। वहीं इस क्षेत्र में अपने पैर जमाने के लिए कांग्रेस द्वारा आजमाए गए सारे समीकरण फेल हो गए।

इस चुनाव में भाजपा के मंगल सिंह धुर्वे ने कांग्रेस के प्रताप सिंह उइके को 13300 मतों से मात दी। घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र में वैसे तो कुल 7 उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे, लेकिन यहां मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच ही सीमित रहा।

घोड़ाडोंगरी विधानसभा सीट के लिए हुए उप चुनाव में भाजपा के मंगल सिंह धुर्वे की जीत पर बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया है। भाजपा के राष्ट्रीयअध्यक्ष अमित शाह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष नंद कुमार सिंह चौहान को घोड़ाडोंगरी उपचुनाव में जीत की बधाई दी है। इस जीत के लिए मुख्यमंत्री को बधाई देने वालों में विनय सहस्रबुद्धे, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर समेत अन्य अनेक नेता शामिल हैं।

वहीं, चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी ट्वीट करके घोड़ाडोंगरी क्षेत्र के मतदाताओं के प्रति आभार जताया है। साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को भी धन्यवाद दिया है। चौहान ने कहा है कि इस जीत से पार्टी के सिद्धांतों, केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी नीतियों के प्रति लोगों का विश्वास दिखाई दे रहा है।

इसलिए जीती भाजपा और हार गई कांग्रेस

घोड़ाडोंगरी उपचुनाव में कांग्रेस ने प्रदेश के सभी बड़े नेताओं को चुनाव प्रचार में उतारा। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व केन्द्रीय मंत्री कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत अन्य नेता क्षेत्र में मौजूद रहे। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव तो क्षेत्र में डेरा ही डाले रहे। सूत्रों की मानें तो दिग्विजय, कमलनाथ और सिंधिया घोड़ाडोंगरी में साथ तो थे, पर पूरी तरह नहीं।

कांग्रेस की अंदरूनी कलह किसी से छिपी नहीं है। पार्टी ने बिना आम सहमति के प्रताप सिंह को मैदान में उतारा। इसके लिए पार्टी ने स्थानीय विरोध को भी नजरअंदाज कर दिया।

भाजपा की ओर से स्टार प्रचारक सिर्फ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान थे। उन्होंने लगातार तीन दिन तक घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में रोड शो किए और सभाएं कीं। अपनी सभाओं में उन्होंने प्रदेश सरकार की हर योजना का बखान किया और अरुण भट्ट जैसे आदिवासियों के करीबी प्रशासनिक अफसर को प्रचार के लिए मैदान में उतारा।

2013 में यह थी स्थिति

2013 में हुए आम चुनाव में इस क्षेत्र में 2 लाख 5 हजार 683 मतदाता थे। इनमें पुरुष एक लाख 5 हजार 477 तथा एक लाख 206 महिलाएँ थीं। मतदान में एक लाख 61 हजार 455 (78.50 प्रतिशत) मतदाताओं ने वोट डाले थे। चुनाव में भाजपा के सज्जनसिंह उईके अपने निकटतम प्रत्याशी इंडियन नेशनल कांग्रेस के ब्रम्हा भलावी से 8,084 मतों से जीत गए थे।

मतदाताओं को बूथ तक नहीं ला पाई काँग्रेस

घोड़ाडोंगरी में हुए इस उप चुनाव में पिछले आम चुनाव के मुकाबले मतदान कम रहा। इस बार यहां मतदान का प्रतिशत 74.48 रहा, जबकि पिछली बार 78 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले थे। भाजपा का मानना है कि वह मतदाताओं को मतदान केन्द्र तक लाने में सफल रही, जबकि काँग्रेस अपने मतदाताओं को मतदान केन्द्र तक नहीं ला पाई। यदि काँग्रेस ऐसा कर पाती, तो शायद परिणाम कुछ और होता।