Home Business सोने-चांदी की कीमतों में रही गिरावट

सोने-चांदी की कीमतों में रही गिरावट

0
सोने-चांदी की कीमतों में रही गिरावट
Gold and silver price on the decline
Gold and silver price on the decline
Gold and silver price on the decline

नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर कमजोर रूख और आभूषण विक्रेताओं की मांग कम होने के कारण गत सप्ताह सोने की कीमत 470 रुपए की गिरावट के साथ 25,530 रुपए प्रति दस ग्राम पर बंद हुई है। इसी तरह औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं की कमजोर उठान के कारण चांदी की कीमत में भी गिरावट रही है।

बाजार सूत्रों ने रविवार को कहा कि अमरीकी फेडरल रिजर्व द्वारा लगभग एक दशक के बाद ब्याज दर में वृद्धि के फैसले के कारण डॉलर मजबूत हो गया और बहुमूल्य धातुओं की मांग कमजोर पड़ गई है।

इस ब्याज दर वृद्धि के फैसले के बाद विदेशों में बहुमूल्य धातुओं में कमजोरी के रूख पर कायम हो गई और यहां मार्च के बाद से बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में सबसे बड़ी गिरावट दर्ज हुई।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा आभूषण और फुटकर विक्रेताओं की मांग में गिरावट के कारण भी बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में गिरावट आई। वैश्विक स्तर पर इस सप्ताह न्यूयार्क में सोने में एक प्रतिशत की गिरावट आई।

इस बीच सरकार ने वैश्विक कीमतों के रूख को ध्यान में लेते हुए सोने पर आयात शुल्क मूल्य में मामूली वृद्धि कर इसे 347 डॉलर प्रति 10 ग्राम कर दिया है, लेकिन चांदी पर इस शुल्क को कम कर 448 डॉलर प्रति किग्रा कर दिया है।

चालू माह के पहले पखवाड़े में आयातित सोने पर शुल्क मूल्य 344 डॉलर प्रति 10 ग्राम और चांदी पर 461 डॉलर प्रति किग्रा निर्धारित किया गया था। आयात शुल्क मूल्य वह आधार मूल्य है जिसपर कम मूल्य आकलन की स्थिति से बचने के लिए सीमा शुल्क को निर्धारित किया जाता है। इसे सामान्यतया हर पखवाड़े संशोधन किया जाता है।

राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत की कमजोर शुरुआत रही और दिन प्रतिदिन के कारोबार में 25,375 और 25,225 रुपए प्रति 10 ग्राम तक लुढ़क गया।

बाद में वैश्विक बाजारों में तेजी लौटने के बाद सप्ताहांत की ओर बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में तेजी लौटी मगर इस तेजी के बावजूद यह अंतत: 470-470 रुपए की गिरावट प्रदर्शित करता क्रमश: 25,530 रुपए और 25,380 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई। वहीं गिन्नी के भाव 24,200 रुपए प्रति आठ ग्राम पर स्थिरता का रूख लिए बंद हुए हैं।

लिवाली और बिकवाली के झोकों के बीच उतार चढ़ाव भरे कारोबार के दौरान चांदी तैयार के भाव सप्ताहांत में 50 रुपए की गिरावट के साथ 33,800 रुपए प्रति किग्रा और साप्ताहिक डिलीवरी के भाव 45 रुपए की गिरावट के साथ 33,935 रुपए प्रति किग्रा पर बंद हुए हैं।

कमजोरी के आम रूख के अनुरूप चांदी सिक्कों के भाव 1,000 रुपए की गिरावट के साथ लिवाल 47,000 रुपए और बिकवाल 48,000 रुपए प्रति सैकड़ा पर बंद हुए हैं।