Home Chandigarh हिसार में बनेगा हरियाणा का पहला अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा : मनोहरलाल खट्टर

हिसार में बनेगा हरियाणा का पहला अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा : मनोहरलाल खट्टर

0
हिसार में बनेगा हरियाणा का पहला अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा : मनोहरलाल खट्टर
Haryana's first international airport to built in Hisar : chief minister manohar lal Khattar
Haryana's first international airport to built in Hisar : chief minister manohar lal Khattar
Haryana’s first international airport to built in Hisar : chief minister manohar lal Khattar

चंडीगढ। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने राज्य का पहला अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा हिसार में बनाने की घोषणा की। जींद जिले के किला जफरगढ़ गांव से रोहतक जिले के खेरड़ी मोड़ तक वाया महम 32 करोड़ रुपए की लागत से नई सडक़ बनाने, महम में महिला महाविद्यालय, महम चौबीसी के ऐतिहसिक चबूतरे का पर्यटन विभाग के माध्यम से सौंदर्यकरण करने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को महम के खेल स्टेडियम में विधानसभा स्तरीय न्याय रैली को संबोधित कर रहे थे। न्याय रैली का आयोजन पिछले विधानसभा चुनाव में महम से भाजपा प्रत्याशी रहे शमशेर सिंह खरकड़ा ने किया।

मुख्यमंत्री ने महम के विकास के लिए करोड़ों रुपए की घोषणाएं करते हुए हलके में जलभराव की समस्या को निजात दिलाने के लिए निंदाना-भराण-खरखड़ा-बलंभा से सीसरखास ड्रेन को मिताथल ड्रेन से जोडऩे तथा सिंचाई के लिए करसौला माइनर को चांग तक ले जाने के लिए सर्वे कराने के आदेश दिए।

उन्होंने रोहतक-जींद रेल लाइन पर लाखनमाजरा में 25 करोड़ रुपए की लागत से आरओबी, महम के सरकारी अस्पताल को नागरिक अस्पताल बनाने के साथ-साथ ह्रदय रोग विशेषज्ञ चिकित्सक की नियुक्ति, अल्ट्रासाऊंड-एक्सरे मशीन लगाने, पशु अस्पताल की नई इमारत बनाने, महम में ग्रुप हाऊंसिंग व हुडा सेक्टर विकसित करने की प्रक्रिया आरंभ कराने, महम कस्बे की धर्मशालाओं के विकास के लिए 5-5 लाख रुपए तथा महम हलके में देहात के विकास के लिए 10 करोड़ व शहरी विकास के लिए 5 करोड़ रुपए देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी जन्मभूमि गांव निंदाना भी महम विधानसभा क्षेत्र का ही हिस्सा है और इस इलाके से उनके बचपन की यादें जुड़ी है। चिलचिलाती गर्मी के बावजूद खचाखच भरे आयोजन स्थल पर अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री एक मंझे हुए नेता के तौर पर नजर आए।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा की सरकार बनने के उपरांत रोहतक-महम-हांसी रेल लिंक के लिए करीब साढ़े तीन सौ करोड़ रुपए की राशि जारी की गई, जिससेशीघ्र इस लाइन का काम भी शुरू होगा। हरियाणा के छह लाख युवाओं को रोजगार देना उनकी प्राथमिकता है।

इन युवाओं को सरकारी नौकरियों के साथ-साथ उनके कौशल को सुधार कर निजी क्षेत्र में रोजगार देने की योजना पर वे दिनरात काम कर रहे हैं। हरियाणा में तीस हजार पदों की भर्ती प्रक्रिया जारी है। उन्होंने पुलिस भर्ती के सात हजार वर्तमान पदों के साथ ही पांच हजार नई भर्ती करने की भी घोषणा की। इसके साथ ही पुलिस में महिला सिपाही के एक हजार व सब इंस्पेक्टर के 200 पदों पर भी भर्ती होगी।

जाट सहित विभिन्न जातियों को आरक्षण देने के मामले में पिछली सरकार की भूमिका पर सवाल खड़े करते हुए लाल ने कहा कि हम इस मामले में राजनीति नहीं करेंगे। पिछली सरकार को अपने दस साल के कार्यकाल में 9वें वर्ष आरक्षण की याद आई थी लेकिन भाजपा की सरकार ने पहले ही साल में आरक्षण दिया। वर्तमान सरकार न्यायपालिका में विचाराधीन इस मामले को सिरे चढ़ाकर ही दम लेगी।

उन्होंने कहा कि आरक्षण के मामले में वे खुद भी बडे से बडा वकील कर सकते हैं, सरकार इसका खर्चा देगी। उन्होंने कहा कि इस मामले को राजनीतिक हथियार बनाने वालों की कड़े शब्दों में निंदा की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि किसान की आमदनी प्रति एकड़ एक लाख रुपए करने के लिए दिल्ली के 100 किलोमीटर के दायरे में फल-फूल-सब्जी-आर्गेनिक-पशुपालन-मत्स्य पालन के लिए नया प्रारूप तैयार हो चुका है। आयोजकों की ओर से मुख्यमंत्री सहित अन्य नेताओं का फूलमालाओं व पगड़ी बांध कर स्वागत किया गया। आयोजकों की ओर से मुख्यमंत्री को न्याय का प्रतीक हुक्का भी भेंट किया गया।

हरियाणा के शिक्षा एवं पर्यटन मंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अमरीका की संसद को संबोधित करने से देश का गौरव बढ़ा है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी इसी तर्ज पर काम कर राज्य का मान बढ़ा रहे हैं। किसानों की भलाई के लिए अनेक कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि रबी की फसलों पर जब प्राकृतिक आपदा आई तो एक महीने के भीतर ही 1092 करोड़ रुपए की मुआवजा राशि किसानों को दी गई।

इसी प्रकार कपास पर सफेद मक्खी का प्रकोप हुआ तो पांच जिलों के लिए 967 करोड़ का मुआवजा किसानों को दिया गया। उन्होंने कहा कि रेल मंत्री को इस हलके में सबसे पहले मुख्यमंत्री लेकर आए। मुख्यमंत्री को इस इलाके की मिट्टी से विशेष लगाव रहा है।

रैली के दौरान पूर्व मंत्री प्रो. महा सिंह ने मुख्यमंत्री का विशेष तौर पर अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने अजायब गांव में निर्विरोध चुनी गई बेटी युवा सरपंच मनीषा को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री का महम नगरपालिका के नवनिर्वाचित 14 पार्षदों ने मंच पर ही अभिनंदन किया।

रैली को हरियाणा पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष रामचंद्र जांगड़ा, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष राम अवतार वाल्मीकि, राजबाला चहल, रमेश भाटिया, वेद धवन, राजबीर आर्य, अजायब के समुन्द्र सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के विशेष कार्यकारी अधिकारी भूपेश्वर दयाल, मंडल आयुक्त चंद्रप्रकाश, पुलिस महानिरीक्षक संजय कुमार, उपायुक्त अतुल कुमार, पुलिस अधीक्षक शशांक आनंद, अतिरिक्त उपायुक्त प्रदीप कुमार, एसडीएम प्रदीप अहलावत, डीडीपीओ नरेंद्र सारवान के अलावा भाजपा नेता तकदीर खरकड़ा, शमशेर खरक, सत्यवीर भराण, जोगेंद्र सैनी, बंसी विज, रवि नागपाल, ब्लाक समिति चेयरमैन सुमित्रा, वाइस चेयरमैन वरूण व कुलविंदर सिक्का आदि नेता भी उपस्थित रहे।