Home World Asia News बांग्लादेश में भारतीय छात्र की मौत, दूसरा घायल

बांग्लादेश में भारतीय छात्र की मौत, दूसरा घायल

0
बांग्लादेश में भारतीय छात्र की मौत, दूसरा घायल
Telangana man kills five of a family, ends life
MBBS student from India stabbed to death by compatriot in Bangladesh
MBBS student from India stabbed to death by compatriot in Bangladesh

ढाका। बांग्लादेश के चटगांव में रह रहा एक भारतीय विद्यार्थी अपने फ्लैट में मृत पाया गया, जबकि उसी फ्लैट में रह रहा दूसरा भारतीय विद्यार्थी घायल अवस्था में पाया गया।

समाचार पत्र ‘डेली स्टार’ ने अकबर शाह पुलिस थाने के थाना प्रभारी आलमगीर हुसैन के हवाले से कहा है कि पीड़ित की पहचान 25 वर्षीय आतिफ शेख के रूप में हुई है, जो चटगांव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में एमबीबीएस के अंतिम वर्ष का छात्र था।

घायल पाए गए दूसरे भारतीय विद्यार्थी की पहचान 23 वर्षीय विंसन सिंह के रूप में की गई है। विंसन को पुलिस ने उसी फ्लैट में छत के पंखे से लटका पाया था। दोनों ही विद्यार्थी भारत के पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर के रहने वाले हैं।

घटना शुक्रवार की रात 11.00 बजे की है और स्थानीय मीडिया में आई खबरों के मुताबिक दोनों विद्यार्थियों में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ और सिंह ने कथित तौर पर शेख को चाकू घोंप दिया और खुद भी पंखे से लटकर खुदकुशी करने की कोशिश की।

बांग्लादेश की समाचार वेबसाइट ‘बीडीन्यूज24 डॉट कॉम’ के अनुसार फ्लैट में रहने वाले अन्य लोगों ने सिंह को बचा लिया और शनिवार को तड़के चटगांव चिकित्सा विज्ञान संस्थान अस्पताल में भर्ती करवाया।

शेख को हालांकि अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शेख के शरीर पर चोट के 15 निशान मिले हैं।

अकबर शाह पुलिस थाने के उप-निरीक्षक ने कहा कि ऐसा लगता है कि आतिफ और विंसन के बीच जब झगड़ा हुआ, तब दोनों शराब के नशे में थे..झगड़े के दौरान आतिफ के गले पर किसी धारदार हथियार से हमला किया गया, जिसके चलते उसका बहुत सारा खून बह गया।

इसी फ्लैट में रहने वाले एक अन्य भारतीय विद्यार्थी नीरज गुरु ने बताया कि आतिफ और विंसन अपने कमरे में शराब पी रहे थे, तभी उसने उनके बीच झगड़े का शोरगुल सुना। लेकिन जब नीरज ने अपने कमरे का दरवाजा खोलना चाहा तो उसे अंदर से बंद पाया।

नीरज जब किसी तरह अपना दरवाजा खोल सका तो उसने देखा कि शेख का पूरा शरीर खून से लथपथ था, जबकि सिंह का शरीर पंखे से लटका हुआ था।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि गुरु ने पड़ोसियों की मदद से आतिफ और विंसन को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि मामले में अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है और जांच चल रही है।