Home Breaking कन्हैया कुमार की हालत बिगड़ी, एम्स में भर्ती

कन्हैया कुमार की हालत बिगड़ी, एम्स में भर्ती

0
कन्हैया कुमार की हालत बिगड़ी, एम्स में भर्ती
Kanhaiya Kumar's health worsens, rushed to AIIMS hospital
Kanhaiya Kumar's health worsens, rushed to AIIMS hospital
Kanhaiya Kumar’s health worsens, rushed to AIIMS hospital

नई दिल्ली। जेएनयू छात्रसंघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार को गुरुवार गिरते स्वास्थ्य के चलते अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। कन्हैया पिछले एक सप्ताह से परिसर में भूख हड़ताल पर है।

कन्हैया के मित्र उमर खालिद ने बताया कि कन्हैया की स्थिति बेहद खराब है वह अर्धचेतन अवस्था में है। हो सकता है कि उसके आंतरिक अंगों को नुकसान पहुंचा हो। आज सुबह से ही उसे उल्टी हो रही है जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

खालिद ने बताया कि बाकी छात्रों का स्वास्थ्य भी लगातार गिर रहा है और उनका वजन 4 से 6 किलो तक कम हो चुका है। उसने कहा कि गुरुवार को भूख हड़ताल को आठ दिन हो गए हैं पर फिर भी जेएनयू प्रशासन अपने स्थान पर अडिग है।

वहीं जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय के कुलपति एम जगदीश कुमार ने बुधवार को विरोध कर रहे छात्रों को अपनी भूख हड़ताल छोड़कर बातचीत के लिए आगे आने की अपील की थी।

कुलपति ने एक नोटिस जारी कर कहा था कि भूख हड़ताल गैरकानूनी गतिविधि है जिसका छात्रों की सेहत और करियर पर बुरा असर पड़ता है। उन्होंने कहा कि छात्रों का आगे आकर संवैधानिक तरीकों का इस्तेमाल करना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि फरवरी में जेएनयू परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम जिसमें देशद्रोह के नारे लगाये गये थे उसकी आयोजन समिति और अन्य गतिविधियों में इन छात्रों का नाम सामने आया था।

कार्यक्रम आतंकी अफजल गुरु और मकबूल बट्ट की फांसी के खिलाफ आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में कथित तौर पर देशविरोधी नारे लगाए गए थे। इन नारों का वीडियो भी सामने आया।

‘देशद्रोह’ मामले में जवाहर लाल नेहरु विश्वविद्यालय के प्रशासन ने छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार, उमर खालिद और अन्य को अनुशासन तोड़ने का दोषी मानते हुए कार्रवाई की है जिसके खिलाफ छात्र भूख हड़ताल कर रहे हैं।

कन्हैया पर जहां 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है वहीं उमर खालिद को एक सेमेस्टर के लिए निष्कासित किया गया है। मुजीब गट्टू को दो सेमेस्टर के लिए निष्कासित किया है और अनिर्बान भट्टाचार्य पर पांच साल तक विश्वविद्यालय के किसी कोर्स में दाखिले पर प्रतिबंध लगाया गया है।

साथ ही अनिर्बान को 15 जुलाई तक के लिए निष्कासित भी किया गया है। इनके अलावा पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष आशुतोष कुमार पर 20 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। उन्हें एक साल के लिए हॉस्टल से निष्कासित कर दिया गया है। एबीवीपी के सौरव शर्मा पर भी 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है।