

मुंबई। ठाणे जिले के भिवंडी शहर में स्थित गैबीनगर में दो मंजिला जर्जर इमारत गिरने से मलबे में दबकर 9 लोगों की मौत हो गई है और 20 लोग घायल हुए हैं।
घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि मलबे में 5-7 लोग दबे हुए हैं। इसलिए मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।
ठाणे जिले में जारी मूसलाधार बारिश के चलते यह दो मंजिला इमारत धराशायी हो गई। इमारत ढहने का समाचार मिलते ही दमकलकर्मी और स्थानीय पुलिस के जवान घटनास्थल पर पहुंच गए और बचाव व राहत कार्य शुरु कर दिया।
दमकलकर्मियों ने मलबे से अब तक 9 शव निकाले हैं। इस घटना में घायल हुए तकरीबन 20 लोगों को इलाज के लिए इंदिरा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय निवासियों के अनुसार मलबे में अभी भी 5-7 और लोगों के दबे होने की संभावना है।
बताया जाता है कि भिवंडी-निजामपुर मनपा ने इस दो मंजिला इमारत को खतरनाक घोषित करते हुए इसे खाली करने का निर्देश नोटिस के माध्यम से दिया था।