Home Headlines मुख्यमंत्री रघुवर से मिले महेश भटट, बोले कई निर्माता चाहते हैं झारखंड में फिल्म बनाना

मुख्यमंत्री रघुवर से मिले महेश भटट, बोले कई निर्माता चाहते हैं झारखंड में फिल्म बनाना

0
मुख्यमंत्री रघुवर से मिले महेश भटट, बोले कई निर्माता चाहते हैं झारखंड में फिल्म बनाना
Mahesh Bhatt meets Jharkhand CM Raghubar das
Mahesh Bhatt meets Jharkhand CM Raghubar das
Mahesh Bhatt meets Jharkhand CM Raghubar das

रांची। मुख्यमंत्री रघुवर दास से मशहूर फिल्म निर्माता-निर्देशक महेश भट्ट ने गुरुवार को प्रोजेक्ट भवन में मुलाकात की। इस दौरान महेश भट्ट ने सीएम से कहा कि झारखंड में फिल्म नीति बनने के साथ ही पूरी मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में झारखंड की चर्चा शुरू हो गई है।

उन्होंने कहा कि नीति के कारण बड़ी संख्या में फिल्म निर्माता झारखंड की ओर आएंगे। कुछ दूसरे बड़े निर्माताओं ने भी झारखंड में शूटिंग की इच्छा जताई है। उनकी आगामी फिल्म बेगम जान की 90 प्रतिशत शूटिंग झारखंड में ही की जा रही है। जिसमें नसीरउद्दीन शाह और अभिनेत्री विद्या बालन मुख्य भूमिकाएं निभा रहे हैं।

भट्ट ने कहा कि यहां के बारे में पहले यह भ्रम था कि यहां कानून-व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है। लेकिन उनकी फिल्म बेगम जान की शूटिंग के दौरान कोई परेशानी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यहां स्थानीय प्रशासन भी काफी सहयोग कर रहा है।

यह स्थिति बरकरार रही तो आनेवाले समय में बड़े-बड़े बैनर की फिल्में झारखंड में बनने लगेंगी। उन्होंने झारखंड की फिल्म नीति की तारीफ करते हुए कहा कि यह काफी बड़ा कदम है। इसके सकारात्मक नतीजे सामने आएंगे।

मुख्यमंत्री ने भट्ट से कहा कि सरकार राज्य में स्कूल ऑफ ड्रामा की स्थापना को लेकर गंभीर है। हमारा लक्ष्य है कि हम झारखंड को पूर्वी क्षेत्र का हब बनाएं। उन्होंने कहा कि झारखंड में फिल्म की शूटिंग की अच्छी संभावनाएं है। यहां प्रकृति ने खुले हाथों से छटा बिखेरी है। यहां के लोग भी सीधे और सरल हैं।

यहां शूटिंग होने से स्थानीय प्रतिभा को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। शुटिंग में सरकार फिल्म नीति के अन्तर्गत हर संभव मदद करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत है मौके की। यहां शूटिंग होने से लोगों को मौका मिलेगा।

दास ने कहा कि बड़े बैनर की फिल्में आने से राज्य में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। राज्य सरकार यहां फिल्म निर्माण को लेकर गंभीर है। यही कारण है कि देश की सबसे अच्छी फिल्म नीति हमने बनाई है। रांची के निकट ही पतरातू में फिल्म सिटी के निर्माण के लिए 200 एकड़ भूमि आवंटित की गई है।

मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुमार ने महेश भट्ट को मैक्लुस्कीगंज तथा पतरातु भ्रमण करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि दोनों स्थान रांची एयरपोर्ट से नजदीक होने के साथ ही फिल्म की शूटिंग के लिए काफी शानदार लोकेशन साबित होंगे।